वाराणसी: न्यूरोसिटी हॉस्पिटल में मरीज को लगाया 40 हजार का एक्सपायरी इंजेक्शन, हालत बिगड़ने पर भड़का गुस्सा, डॉक्टर फरार
नक्की घाट स्थित न्यूरोसिटी हॉस्पिटल में एक्सपायरी इंजेक्शन लगते ही मरीज का शरीर हुआ सुन्न; परिजनों ने किया हंगामा, पुलिस बल तैनात।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क (वाराणसी) : धर्मनगरी वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल से इंसानियत और डॉक्टरी पेशे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। नक्की घाट स्थित न्यूरो सिटी हॉस्पिटल (Neuro City Hospital) में डॉक्टरों द्वारा एक मरीज को 40 हजार रुपये का एक्सपायरी (समाप्त तिथि वाला) इंजेक्शन लगा दिया गया। इंजेक्शन लगते ही मरीज की स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी और उसके शरीर के बाहरी अंग निष्क्रीय व सुन्न होने लगे।
डस्टबिन से खुली अस्पताल की पोल
मरीज की अचानक हालत बिगड़ते देख तीमारदार घबरा गए और उन्होंने तत्काल ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों से सवाल-जवाब शुरू किया। जब अस्पताल प्रशासन से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने शक के आधार पर अस्पताल के डस्टबिन खंगाले। डस्टबिन से मिली वायल और रैपर को देखने पर पता चला कि मरीज को दी गई दवा और इंजेक्शन की एक्सपायरी डेट काफी पहले ही बीत चुकी थी।
यह देखते ही तीमारदारों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज शुरू हो गई।
पीड़ित परिवार का आरोप
"मरीज की जान बचाने के नाम पर हमसे 40 हजार रुपये का इंजेक्शन मंगवाया गया, लेकिन अस्पताल ने एक्सपायरी दवा लगा दी। जब हमने शिकायत की तो उल्टे हमें ही धमकाया जाने लगा।"
डॉक्टर और स्टाफ अस्पताल छोड़कर भागे
मामला तूल पकड़ते ही अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। स्थिति बिगड़ती देख मुख्य डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ मौका पाकर अस्पताल से खिसक लिए।
घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित परिजन अस्पताल के बाहर सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। परिजनों की मांग है कि:
* फरार डॉक्टरों को तत्काल मौके पर बुलाया जाए।
* अस्पताल के रजिस्ट्रेशन और डॉक्टरों की डिग्री की निष्पक्ष जांच हो।
* अस्पताल संचालक और दोषी चिकित्सकों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
बिहार का रहने वाला है पीड़ित मरीज
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मरीज मूल रूप से भभुआ (बिहार) का निवासी है और गाजीपुर स्थित अपने रिश्तेदारों के साथ इलाज के लिए वाराणसी के न्यूरो सिटी अस्पताल में भर्ती हुआ था।
पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार डॉक्टरों से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वे बार-बार "थोड़ी देर में आ रहे हैं" कहकर टालमटोल कर रहे हैं।
क्षेत्र में माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराने का प्रयास जारी रखा है।