{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी मोटर मैकेनिक दुलारे अंसारी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

सामुदायिक शौचालय गई नाबालिग से दरिंदगी; चीख सुनकर पहुंचे लोगों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले किया

 

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी। वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत बेनियाबाग (छोटी पियरी) इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रविवार की दोपहर सामुदायिक शौचालय गई 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ 45 वर्षीय मोटर मैकेनिक ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया।

घात लगाकर बैठा था आरोपी, चीख सुनकर पहुंचे लोग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर लगभग 3 बजे 14 वर्षीय किशोरी छोटी पियरी स्थित सुलभ शौचालय की ओर गई थी। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे 45 वर्षीय मोटर मैकेनिक दुलारे अंसारी ने नाबालिग को जबरन शौचालय के बाथरूम के अंदर खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया और बड़ी पियरी चौकी प्रभारी विकास कुमार मिश्रा को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।


एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि, आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 65(1), 352 सहित पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और SC/ST एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।  आरोपी दुलारे अंसारी  देहुली गली (देवलीगली), थाना दशाश्वमेध, का रहने वाला है।