वाराणसी: 2 साल में 10 से ज्यादा पुलिसवालों से 1 करोड़ की ठगी, जमीन कारोबारी भाइयों और मां पर FIR दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाने में 48 घंटे के भीतर दो मुकदमे; सिपाही, पेशकार और मुंशी भी बने शिकार
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी वाराणसी में जमीन और मकान दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। शातिर जालसाजों ने आम जनता तो दूर, कानून के रखवालों यानी पुलिसकर्मियों को ही अपना निशाना बना डाला। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में पिछले 48 घंटों के भीतर दो पुलिसकर्मियों की तहरीर पर 20.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में जो खुलासा हुआ है वह बेहद चौंकाने वाला है। आरोपी जमीन कारोबारियों ने पिछले 24 महीनों के भीतर 10 से ज्यादा पुलिसवालों से करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। पुलिस सूत्रों का मानना है कि यदि पूरी कड़ियां जोड़ी जाएं, तो यह महाघोटाला 5 से 10 करोड़ रुपये के बीच पहुंच सकता है।
मां और दो बेटों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर मुख्य आरोपी और जमीन कारोबारी गौरव गुप्ता, उसके सगे भाई दीपक गुप्ता, मां कस्तूरी देवी (निवासी: अशोक विहार कॉलोनी) सहित अन्य सहयोगियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। इस गिरोह के चंगुल में सिर्फ पुलिसवाले ही नहीं, बल्कि कचहरी के पेशकार और मुंशी भी फंस चुके हैं।
48 घंटे में सामने आए ये दो बड़े मामले:
-
केस 1 (आरक्षी विशाल कुमार): पर्यटक थाने में तैनात सिपाही विशाल कुमार ने आरोप लगाया कि साल 2024 में आरोपियों ने उन्हें एक मकान दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपये हड़प लिए। लंबे समय बाद भी जब रजिस्ट्री नहीं हुई और विशाल ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर मंगलवार को पुलिस ने मामला दर्ज किया।
-
केस 2 (आरक्षी भवन कुमार): कैंट थाने में तैनात और मूल रूप से गोंडा के रहने वाले आरक्षी भवन कुमार ने भी साल 2024 में जमीन खरीदने के लिए गौरव गुप्ता से संपर्क किया था। आरोपियों ने झांसे में लेकर उनसे 7.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
पहले से भी दर्ज हैं कई मुकदमे
यह पहली बार नहीं है जब इस जालसाज परिवार पर केस दर्ज हुआ है। इससे पहले भी इनके खिलाफ शहर के अन्य थानों में मामले दर्ज हैं:
-
कोतवाली थाना (केस 1): वार्ड बॉय सुशील कुमार और उनके भाई से जमीन के नाम पर 16.50 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में इस गिरोह पर पहले ही कोतवाली में एफआईआर दर्ज है।
-
कोतवाली थाना (केस 2): कोतवाली क्षेत्र की ही रहने वाली उर्मिला देवी से भी जमीन के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी, जिसमें गौरव गुप्ता सहित सात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
-
इसके अलावा सिपाही विनय यादव से भी आरोपियों द्वारा 10 लाख रुपये की ठगी किए जाने की बात जांच में सामने आई है।
वर्दीवालों से लेकर कोर्ट-कचहरी के कर्मचारियों को अपना शिकार बनाने वाले इस गिरोह के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने जाल बिछा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही इन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।