{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी:अधिवक्ता के बंद मकान में भीषण चोरी, 5 लाख के गहने और 35 हजार नगदी पार; फिंगरप्रिंट टीम जांच में जुटी

परिवार गया था गांव, लौटने पर टूटे मिले अलमारी के ताले

 

वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र की चांदमारी पुलिस चौकी अंतर्गत विश्वनाथपुरी कॉलोनी में बेखौफ चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। यह चोरी एक अधिवक्ता के मकान में हुई, जब उनका पूरा परिवार गांव गया हुआ था।

गांव गया था परिवार, लौटने पर खुली पोल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वनाथपुरी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता महिपाल सिंह (पुत्र स्व. राजनारायण सिंह) 20 अगस्त की शाम अपने परिवार के साथ गाजीपुर जिले के सियावा गांव में पूजा-पाठ के लिए गए थे। 25 अगस्त को जब परिवार वापस घर लौटा, तो मुख्य द्वार सहित कमरों और अलमारियों के ताले टूटे मिले। अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।

5 लाख के जेवरात और 35 हजार नगदी पार

चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे लगभग ₹35,000 नगद और ₹4 से ₹5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित अधिवक्ता की लिखित तहरीर के आधार पर शिवपुर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अलमारियों और कमरों से फिंगरप्रिंट्स एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। शिवपुर पुलिस आसपास के मुख्य रास्तों और कॉलोनियों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।