{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: चोर ने उड़ाए सौंदर्य प्रसाधन, पुलिस ने उतार दिया सारा निखार

दिन में रेकी और रात में गुमटियों के टीन शेड उखाड़कर करता था चोरी; BLW नथू गेट के पास से चोरी का माल व नकदी बरामद

 

 

 

वाराणसी (मण्डुवाडीह) / भदैनी मिरर: कमिश्नरेट वाराणसी के वरुणा ज़ोन अंतर्गत थाना मण्डुवाडीह पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकानों से चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी किया गया विभिन्न कंपनियों का गिफ्ट का सामान, विभिन्न ब्रांड्स की क्रीम, 10 अदद लोअर, 8 पैकेट बैलून और ₹5,330 नकद बरामद किए हैं।

पश्चिमी बाजार की गुमटियों को बनाया था निशाना

15 सितंबर 2026 को मण्डुवाडीह क्षेत्रांतर्गत पश्चिमी बाजार स्थित कई दुकानों/गुमटियों से सामान और नकदी चोरी होने के संबंध में पीड़ित दुकानदारों ने थाने पर प्रार्थना पत्र दिया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं (मु0अ0सं0 323/2026 धारा 305A, 331(4), 317(2)) में मामला पंजीकृत किया। विवेचना उप-निरीक्षक विशाल कुमार सिंह को सौंपी गई, जिन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की।

BLW नथू गेट के पास से पकड़ा गया आरोपी

थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय के नेतृत्व में मण्डुवाडीह पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 15 सितंबर 2026 की रात करीब 8:40 बजे बीएलडब्ल्यू (BLW) परिसर स्थित नथू गेट के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से आरोपी को चोरी का सामान बेचते वक्त रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

  • गिरफ्तार अभियुक्त: आशीष पटेल उर्फ बल्लू (उम्र करीब 26 वर्ष), निवासी जलालीपट्टी, थाना मण्डुवाडीह, कमिश्नरेट वाराणसी।

दिन में रेकी, रात में टीन शेड उखाड़कर चोरी

पुलिस पूछताछ में शातिर चोर आशीष पटेल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह दिन के समय बाजार में घूम-घूमकर दुकानों और गुमटियों की रेकी करता था। रात में अंधेरे और एकांत का फायदा उठाकर गुमटियों के टीन शेड को उखाड़ देता था और अंदर रखा सामान व नकदी चुरा लेता था। वह चोरी किए गए सामानों को आने-जाने वाले राहगीरों को औने-पौने दामों में बेचने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:

अभियुक्त को जेल भेजने की अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। सफलता हासिल करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय, उ०नि० विशाल कुमार सिंह, उ०नि० चंद्रशेखर यादव, हे०का० चंद्रप्रकाश गुप्ता, का० सूर्यभान सिंह, का० अभ्युदन सिंह, का० अविनाश यादव और का० अभिषेक कुमार शामिल रहे।