वाराणसी: शिवपुर में पिस्टल से फायरिंग कर भाग रहा बदमाश गिरफ्तार, असलहा और कारतूस बरामद
जनता की मदद से पुलिस ने दबोचा; प्रतापगढ़ का रहने वाला है आरोपी अंकित सोनी
वाराणसी (भदैनी मिरर)। कमिश्नरेट वाराणसी में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गिलट बाजार (भोजूबीर रोड) पर पिस्टल से फायरिंग कर बाइक से भाग रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने स्थानीय जनता के सहयोग से घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त के पास से अवैध .32 बोर पिस्टल, जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा अन्य सामान बरामद किया गया है।
फायरिंग की सूचना पर हरकत में आई पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार (26 जुलाई 2026) को उप-निरीक्षक अमित सिंह अपनी फैंटम टीम के कर्मचारियों (कांस्टेबल रामबाबू व रिक्रूट कांस्टेबल निलेश साहनी) के साथ क्षेत्र में गश्त कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि गिलट बाजार भोजूबीर रोड पर एक युवक पिस्टल से फायरिंग कर मोटरसाइकिल से भाग रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फायरिंग करने वाला युवक पंचकोशी रोड की तरफ भागा है, जहाँ स्थानीय लोगों ने उसे घेर रखा है। पुलिस तुरंत पंचकोशी रोड स्थित सरकारी राशन कोटे की दुकान के पास पहुँचा और जनता के सहयोग से अभियुक्त को अपनी हिरासत में ले लिया।
तलाशी में मिली .32 बोर की अवैध यूएसए मेड पिस्टल
पुलिस द्वारा अभियुक्त से नाम-पता पूछने पर उसने अपनी पहचान अंकित सोनी निवासी ग्राम लखपेड़ा भवानीगंज (संग्रामगढ़) जिला प्रतापगढ़ के रूप में बताई।
जब आरोपी की स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई, तो टूलबॉक्स के अंदर से एक अवैध पिस्टल .32 बोर (जिस पर Made in U.S.A. अंकित है) बरामद हुई। सावधानीपूर्वक पिस्टल की मैगजीन निकालने पर उसमें 4 जिंदा कारतूस लोड पाए गए।
चेसिस नंबर से खुली बिना नंबर प्लेट बाइक की पोल
आरोपी जिस काले रंग की स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल से भाग रहा था, उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। ई-चालान ऐप के माध्यम से जब उसके चेसिस नंबर की जाँच की गई, तो वाहन का वास्तविक पंजीकरण संख्या निकला, जो उर्मिला सोनी (निवासी भवानीगंज, प्रतापगढ़) के नाम दर्ज है। वाहन के वैध कागजात न दिखा पाने पर पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया।
इसके अलावा आरोपी के पिट्ठू बैग से दो मोबाइल फोन, एक पीली धातु की चेन व अन्य व्यक्तिगत सामान बरामद हुआ।
38 हज़ार में खरीदी थी पिस्टल
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी अंकित सोनी ने बताया कि उसने यह पिस्टल लगभग 3 साल पहले प्रयागराज के नवाबगंज रोड पर एक युवक से ₹38,000 में खरीदी थी। पीली धातु की चेन के संबंध में उसने बताया कि वह सोने का काम करता है और यह उसके किसी ग्राहक की लोकल चेन है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में दरोगा अमित सिंह, कांस्टेबल रामबाबू और रिक्रूट कांस्टेबल निलेश साहनी शामिल रहे।