Varanasi:सारनाथ में नाबालिग से देह व्यापार कराने वाले गिरोह पर बड़ा एक्शन, प्रतापगढ़ से महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
Varanasi Crime News: सारनाथ में नाबालिग से देह व्यापार कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महिला समेत 4 गिरफ्तार
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में नाबालिग बच्चियों से देह व्यापार कराने वाले रैकेट के खिलाफ सारनाथ थाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत वांछित चल रहे एक महिला सहित चार आरोपियों को प्रतापगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
प्रतापगढ़ में छापा मारकर पुलिस ने दबोचा
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर और सटीक इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने प्रतापगढ़ में स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की थी। बृहस्पतिवार की रात पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान:
-
सुब्रतन उर्फ नरगिस (निवासी: रमईपुर नेवादा, प्रतापगढ़)
-
वाजिद उर्फ राहुल (निवासी: रमईपुर नेवादा, प्रतापगढ़)
-
लियाकत (निवासी: रमईपुर नेवादा, प्रतापगढ़)
-
साफरुन (निवासी: रमईपुर नेवादा, प्रतापगढ़)
किराए के मकान में चल रहा था गंदा धंधा
मामले का खुलासा तब हुआ था जब इसी साल 10 अप्रैल 2026 को 'फ्रीडम फर्म' नामक एनजीओ ने सारनाथ थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सारनाथ के सारंग चौराहा स्थित एक किराए के मकान में नाबालिग बच्ची को बंधक बनाकर उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है।
इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर छापेमारी की थी और मुख्य आरोपी मनोज कुमार और सहिदुन्निसा उर्फ नैन्सी को पहले ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
विवेचना में खुले नए राज, भेजे गए जेल
थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जब मामले की गहन विवेचना (जांच) शुरू हुई, तो इस काले धंधे में शामिल चार और आरोपियों के नाम सामने आए, जो पुलिस को चकमा देकर प्रतापगढ़ में छिपे हुए थे। शुक्रवार को पुलिस टीम ने इन चारों आरोपियों को सीजेएम (CJM) कोर्ट में पेश किया, जहां से माननीय न्यायालय ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दे दिया। पुलिस इस रैकेट के अन्य कड़ियों को भी खंगालने में जुटी है।