वाराणसी: चोलापुर में पुलिस चौकी से 500 मीटर दूर अधिवक्ता के घर दिनदहाड़े लाखों की चोरी
कोर्ट गए थे वकील और सीएचसी गई थीं पत्नी, सूना घर देख चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला चटकाया
अजगर चौकी के पास चाही गांव में बेखौफ चोरों का तांडव, नगदी और कीमती जेवर पार
मुंह बांधकर घर से निकले थे दो संदिग्ध, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार को चोरों ने खाकी को खुली चुनौती देते हुए अजगर पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित चाही गांव में दिनदहाड़े एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोर पेशे से अधिवक्ता (वकील) वीरेंद्र सिंह के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के कीमती सोने-चांदी के जेवरात और भारी नकदी बटोर ले गए।
सूना घर देखकर चोरों ने बोला धावा
जानकारी के अनुसार, चाही गांव निवासी अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह शनिवार सुबह रोजाना की तरह कचहरी चले गए थे। उनकी पत्नी सुमन सिंह भी सुबह करीब 10 बजे घर के कमरों में ठीक से ताला बंद करके किसी काम से चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गई थीं। घर पूरी तरह सूना था, जिसका फायदा उठाकर शातिर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हो गए।
2 लाख कैश और भारी मात्रा में जेवरात पार
चोरों ने घर के अंदर अलमारी और लॉकर के ताले तोड़कर अलमारी खंगाली। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने घर में रखे लगभग 2 लाख रुपये नकद, दो सोने की सिकड़ी (चैन), सोने के टॉप्स, अंगूठी, मांग टीका, दो नथिया, चांदी की पायल और करधनी समेत लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया।
दोपहर में लौटे वकील, तो बिखरा मिला सामान
दोपहर करीब 3:00 बजे जब अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह कचहरी से घर वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजा खुला देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाने पर ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत अपनी पत्नी सुमन को फोन किया और चोलापुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
मुंह बांधकर निकले थे दो संदिग्ध सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट्स समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। इस बीच, पड़ोस में रहने वाली सुशीला सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने दो संदिग्ध युवकों को मुंह बांधकर वकील के घर से बाहर निकलते हुए देखा था। पुलिस इन सुरागों के आधार पर चोरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।