वाराणसी: ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाने वाला लेडीज गैंग गिरफ्तार, 3 शातिर महिलाओं समेत 4 दबोचे
लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस और सर्विलांस टीम का 'ऑपरेशन चक्रव्यूह'; स्कॉर्पियो, चोरी की 2 सोने की चैन व ₹27 हजार नकदी बरामद
वाराणसी (लालपुर-पाण्डेयपुर) / भदैनी मिरर: कमिश्नरेट वाराणसी के वरुणा ज़ोन अंतर्गत थाना लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने ऑटो व ई-रिक्शा में यात्रा करने वाली महिला यात्रियों का ध्यान भटकाकर आभूषण चुराने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आजमगढ़ रोड स्थित ऑटो स्टैंड के पास से गिरोह के मुख्य सरगना (ड्राइवर) समेत तीन शातिर महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से चोरी की 2 अदद पीली धातु की चैन, 2 मोबाइल फोन, ₹27,000 नकद और घटना में इस्तेमाल की जाने वाली सफेद रंग की स्कॉर्पियो (Scorpio) गाड़ी बरामद की गई है।
ऑटो में ध्यान भटकाकर उड़ा ली थी सोने की चैन
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 9 सितंबर 2026 को एक पीड़िता ने थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 8 सितंबर को लालपुर-पाण्डेयपुर क्षेत्रांतर्गत काली माता मंदिर के पास से वह एक ऑटो में बैठी थीं। ऑटो में पहले से मौजूद तीन महिलाओं ने बातचीत में उलझाकर उनका ध्यान भटकाया और गले से सोने की चैन उड़ा ली। तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 304(2), 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना उप-निरीक्षक रोशन कुमार को सौंपी गई थी।
सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से आजमगढ़ रोड से गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद ली। 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:40 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर आजमगढ़ रोड स्थित ऑटो स्टैंड पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
-
बैजनाथ उर्फ बैजू (50 वर्ष) - निवासी ग्राम फरसार, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर (स्कॉर्पियो चालक/सरगना)।
-
सीमा (30 वर्ष) - निवासी ग्राम करवनिया, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर।
-
पिंकी (28 वर्ष) - निवासी ग्राम सोहराबाद, थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़।
-
कुसुम (30 वर्ष) - निवासी ग्राम करवनिया, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर।
पूछताछ में बड़ा खुलासा: कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने बताया कि वे अपनी स्कॉर्पियो से अलग-अलग जिलों के प्रमुख शहरों में पहुंचते थे। इसके बाद गिरोह की तीनों महिलाएं ऑटो या ई-रिक्शा में सवारी बनकर बैठ जाती थीं और अकेली महिला यात्रियों को टारगेट बनाकर बातों में उलझाती थीं और आभूषण पार कर देती थीं।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार तीनों महिलाओं (सीमा, पिंकी और कुसुम) के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर के कोतवाली थानों में चोरी व धोखाधड़ी के कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है।
सफलता हासिल करने वाली पुलिस टीम:
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, उ०नि० रोशन कुमार, उ०नि० श्यामनारायण, हे०का० चंद्रशेन सिंह, हे०का० विनीत सिंह, का० दिनेश सिंह, का० निरंजन कुमार, का० दीपक गोंड, म०का० अनीता सरोज, म०का० गुड़िया, म०का० कुमारी अन्नू तथा सर्विलांस सेल के का० ब्रजेश यादव व का० अनुपम सिंह शामिल रहे।