{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: वाराणसी में दरोगा की बाइक चोरी, थाने में मचा हड़कंप

जन्सा थाने में तैनात उप-निरीक्षक के किराए के कमरे के बाहर से टीवीएस अपाची उड़ा ले गए चोर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

वाराणसी (भदैनी मिरर) : धर्मनगरी वाराणसी में बेखौफ चोरों ने पुलिस को ही खुली चुनौती दे डाली है। जंसा थाने में तैनात एक उप-निरीक्षक (दरोगा) की मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। खाकी पर ही हाथ साफ होने की इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का माहौल गर्म है कि जब पुलिस की संपत्ति ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा।

कमरे के बाहर खड़ी थी दरोगा की बाइक

मूल रूप से फतेहपुर जिले के कोराई गांव के निवासी अजय कुमार वाराणसी के जंसा थाने में उप-निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। वे चौखंडी क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहते हैं। जानकारी के अनुसार, गत 2 नवंबर की रात उन्होंने अपनी टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर- UP 71 BD 5590) हमेशा की तरह कमरे के बाहर खड़ी की थी। अगली सुबह जब वे उठे तो बाइक मौके से नदारद थी।

3 दिन खुद की तलाश, फिर दर्ज कराया मुकदमा

बाइक गायब मिलने के बाद दरोगा अजय कुमार ने 2 से 3 दिनों तक अपने स्तर पर आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद उन्होंने 7 नवंबर को जंसा थाने में लिखित तहरीर दी।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप-निरीक्षक अमित कुमार पांडेय को सौंपी गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद से ही क्षेत्र में यह खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर बाइक बरामद कर ली जाएगी और आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।