वाराणसी: मामूली विवाद में सनकी ताजिम ने सिर पर पटिया मारकर उतारा था मौत के घाट, पत्नी रहती है मायके, जानें पूरा घटनाक्रम
पिता पर भी तान चुका है चाकू, पुलिसकर्मी से पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की
भदैनी मिरर डेस्क, वाराणसी। नवापुरा (आदमपुर) में साड़ी कारोबारी के सिर पर पटिया पटककर हत्या करने और दो अन्य को घायल करने वाला आरोपी मोहल्ले का 28 वर्षीय सनकी ताजिम निकला। पुलिस आरोपी को सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल किए गये पत्थर को बरामद करने की कोशिश कर रही थी इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी से पिस्टल लेकर भागने की कोशिश की। आदमपुर पुलिस और SOG ने काशी स्टेशन के पास घेराबंदी कर आत्मसर्पण करने को कहा तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर दो राउंड फायर झोक दिया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ आरोपी को पैर में गोली मारकर अरेस्ट कर लिया।
एक दिन पुराना मामूली टकराने का विवाद
शनिवार ट्रिपल अटैक से सनसनी फैलाने की घटना के पीछे कोई बड़ी वजह नही थी, बल्कि सनकी ताजिम मामूली सी विवाद में रवि चौहान उर्फ पप्पू (40) की हत्या कर दी। घटना में अशोक पासवान और गणेशू कन्नौजिया (55 वर्ष) घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि, शुक्रवार शाम नवापुरा मोहल्ले की एक दुकान पर रवि चौहान चाय पी रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहा मो. ताजिम उससे टकरा गया। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी और हाथापाई हो गई। पास में ही पान की दुकान चलाने वाले अशोक पासवान (60 वर्ष) ने बीच-बचाव करते हुए ताजिम को डांटकर भगा दिया था। ताजिम उस वक्त तो धमकी देते हुए चला गया, लेकिन उसके दिमाग में बदले की आग सुलग रही थी। रात में उसने अत्यधिक शराब पी और बदला लेने की नीयत से इलाके में घात लगाकर घूमने लगा।
देर रात करीब ढाई बजे ताजिम नेशनल इंटर कॉलेज की तरफ से हनुमान फाटक पुलिस चौकी की ओर जाने वाली गली में पहुंचा। उसने हमला करने के लिए एक भारी पत्थर की पटिया चुनी। सबसे पहले उसने चबूतरे पर सो रहे अशोक पासवान के सिर पर पटिया से हमला किया। इसके बाद कुछ दूरी पर दुकान का शटर खोलकर सो रहे रवि चौहान (पप्पू) के सिर पर ताजिम ने दो बार भारी पटिया दे मारी, जिससे रवि की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर जब थोड़ी दूर पर सो रहे गणेशू कन्नौजिया (55 वर्ष) की नींद खुली और वह मौके की तरफ बढ़े, तो ताजिम ने ईंट उठाकर उनके सिर पर भी वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घायल अशोक पासवान को गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
सनकी मिजाज पिता पर भी तान चुका है चाकू
पुलिस पूछताछ में आरोपी मो. ताजिम के आपराधिक और सनकी मिजाज का खुलासा हुआ है। ताजिम तीन भाइयों में सबसे बड़ा है और उसका परिवार भी साड़ी कढ़ाई के काम से जुड़ा है। उसका परिवार गुजरात के सूरत में किराए का मकान लेकर काम करता है। ताजिम इतना हिंसक और सनकी है कि महज 15 दिन पहले ही उसने अपने पिता को चाकू लेकर दौड़ा लिया था, जिसके बाद वह भागकर सूरत चला गया था। वह गुरुवार दोपहर ही सूरत से वाराणसी लौटा था। आरोपी की शादी महज दो महीने पहले हुई थी, लेकिन उसके झगड़ालू और मारपीट वाले रवैये से तंग आकर उसकी पत्नी मायके चली गई थी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ वापस सूरत भागने की फिराक में था, लेकिन आदमपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मोहल्ले से ही धर दबोचा।
पिस्टल छीनकर की फायरिंग, पैर में लगी गोली
गिरफ्तारी के बाद आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा और क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी ताजिम को आला-ए-कत्ल (हत्या में प्रयुक्त पटिया) बरामद कराने काशी रेलवे स्टेशन के मालगोदाम की तरफ ले गई थी।
राजघाट पिकेट के पास पहुंचते ही ताजिम ने जीप में बैठे पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और भागने लगा। उसने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली ताजिम के दाएं पैर में लगी और वह गिर पड़ा।
पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके पर डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर और एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने घटनास्थल का मुआयना कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।