वाराणसी: लक्सा में पति ने दूसरी पत्नी की गला घोंटकर की हत्या, विवाद के बाद वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार
सनसनीखेज वारदात:औरंगाबाद पुलिस चौकी के ठीक पीछे स्थित मकान में हुई हत्या।
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद मोहल्ले में बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी ही दूसरी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस चौकी के पीछे ही दिया वारदात को अंजाम
हैरानी की बात यह है कि यह वारदात औरंगाबाद पुलिस चौकी के ठीक पीछे स्थित एक पुश्तैनी मकान में हुई। जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज शर्मा अपने छोटे भाई के परिवार और दूसरी पत्नी पूनम के साथ इसी मकान के पहले तल पर रहता था। मकान के भूतल और प्रथम तल के कुछ हिस्सों में किराएदार भी रहते हैं।
विवाद और हत्या का घटनाक्रम
बताया जा रहा है कि मनोज शर्मा की पहली पत्नी से दो बच्चे हैं, जो वर्तमान में अपने ननिहाल में रहते हैं। मनोज अपनी दूसरी पत्नी पूनम के साथ औरंगाबाद में रह रहा था। बुधवार रात किसी बात को लेकर मनोज और पूनम के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विवाद इतना बढ़ा कि मनोज ने अपना आपा खो दिया और पूनम का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पत्नी के निढाल होते ही मनोज घर से भाग निकला।
जांच में जुटी पुलिस
पड़ोसियों और परिजनों द्वारा सूचना मिलने पर लक्सा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लक्सा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें मनोज की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।