{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: के सुंदरपुर में मकान पर कब्जे को लेकर चिकित्सक दंपती में हाईवोल्टेज विवाद: गार्ड की पिटाई व CCTV तोड़ने का आरोप

कमरे में बंद हुए पति को पुलिस ने निकाला, पत्नी डॉ. सुगंधा सिंह ने पति डॉ. रवि रंजन शर्मा पर बिहार के पूर्व विधायक व समर्थकों संग जबरन घुसने का लगाया आरोप

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित ब्रिज एंक्लेव कॉलोनी के लेन नंबर-2 में शनिवार देर शाम एक मकान पर कब्जे को लेकर चिकित्सक दंपती के बीच जमकर विवाद हो गया। मामले में सुंदरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत महिला चिकित्सक डॉ. सुगंधा सिंह ने अपने पति डॉ. रवि रंजन शर्मा के खिलाफ मकान पर जबरन कब्जा करने और मारपीट के आरोप में पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, पति ने भी मकान पर अपना मालिकाना हक जताते हुए पत्नी और ससुर पर कब्जा करने का आरोप लगाया है।

सिक्योरिटी गार्ड की पिटाई और CCTV तोड़ने का आरोप

सुंदरपुर निवासी डॉ. सुगंधा सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि शनिवार शाम उनके पति डॉ. रवि रंजन शर्मा अपने भाई और बिहार के एक पूर्व विधायक सहित लगभग 50 लोगों के साथ कई गाड़ियों में सवार होकर मकान पर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने मकान के गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड सूरज कुमार दुबे के साथ मारपीट की और जबरन अंदर दाखिल होकर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए।

घटना की जानकारी मिलने पर डॉ. सुगंधा सिंह अपने पिता डीएस सिंह (जो सुंदरपुर में अस्पताल संचालित करते हैं) और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।

कमरे में बंद हुए पति को पुलिस ने बाहर निकाला

हंगामे की सूचना पर भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मकान में दाखिल हुए अधिकांश लोग वहां से फरार हो गए, जबकि डॉ. रवि रंजन शर्मा ने खुद को घर के एक कमरे में बंद कर लिया। शाम 7 बजे के बाद पुलिस ने उन्हें कमरे से बाहर निकाला।

पुलिस पूछताछ में डॉ. रवि रंजन शर्मा ने दावा किया कि संबंधित मकान उनका है और उनकी पत्नी व ससुर ने उस पर जबरन कब्जा कर रखा है।

सभी पहलुओं पर पुलिस कर रही जांच

भेलूपुर थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल को तत्काल मौके पर भेजा गया था और कमरे में बंद डॉ. रवि रंजन शर्मा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों पक्षों के आरोपों और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।