{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi Encounter: अवलेशपुर के जितेंद्र हत्याकांड में पुलिस और SOG की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में दो शूटरों को लगी गोली

80 लाख रुपए की जमीन का विवाद बना किराना कारोबारी की मौत की वजह, सगे भाई और करीबी ही निकले कातिल!

 

रोहनिया में देर रात बदमाशों ने पुलिस टीम पर झोंकी गोलियां, जवाबी कार्रवाई में गोलू और ज्ञान पटेल घायल

मिर्जापुर के शूटरों से कराई गई थी जितेंद्र की हत्या, बैंक खाते के पैसे हड़पने की थी पूरी साजिश

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात पुलिस और स्वाट-एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम और शातिर बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस क्रॉस फायरिंग में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दो इनामी बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाश बीते 8 जून को अवलेशपुर में हुए चर्चित किराना व्यवसायी जितेंद्र कुमार हत्याकांड के मुख्य आरोपी हैं। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से दो शूटरों सहित कुल 5 आरोपियों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है।

घेराबंदी देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग

एडीसीपी वरुणा लिपि नागायत ने भदैनी मिरर को बताया कि 8 जून की रात बाइक सवार बदमाशों ने अवलेशपुर में जितेंद्र कुमार की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। रविवार की देर रात रोहनिया पुलिस और एसओजी को सूचना मिली कि हत्याकांड से जुड़े शूटर अवलेशपुर इलाके के पास ही मौजूद हैं।

पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू की, तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधे अवैध असलहों से फायरिंग झोंक दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे वहीं गिर पड़े। घायल बदमाशों की शिनाख्त गोलू पटेल उर्फ माफिया और ज्ञान पटेल के रूप में हुई है। दोनों के पास से अवैध तमंचा और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं।

80 लाख की जमीन और बैंक खाता हड़पने की थी खूनी साजिश

एडीसीपी लिपि नागायत ने हत्याकांड के चौंकाने वाले कारणों का खुलासा करते हुए बताया कि इस मर्डर मिस्ट्री के पीछे जमीन की खरीद-बिक्री और पैसों का बड़ा विवाद था। मृतक जितेंद्र कुमार ने कुछ समय पहले 80 लाख रुपए में अपनी एक जमीन बेची थी। इस मोटी रकम के बंटवारे को लेकर जितेंद्र का अपने ही भाइयों और कुछ बेहद करीबियों के साथ लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था।

आरोपी जितेंद्र के बैंक खाते में जमा इसी भारी-भरकम रकम को पूरी तरह से हड़पना चाहते थे। जितेंद्र ने जब पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो उनके अपनों ने ही उनकी हत्या की खूनी साजिश रच डाली।

मिर्जापुर के अहरौरा से बुलाए गए थे शूटर, 5 गिरफ्तार

मुठभेड़ में घायल हुए शूटर गोलू और ज्ञान पटेल के अलावा पुलिस ने घेराबंदी कर 3 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी शूटर और साजिशकर्ता मिर्जापुर जनपद के अहरौरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य मददगारों और मुख्य साजिशकर्ताओं की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।