Varanasi : अफसर बनाने का सपना अधूरा, हॉस्टल में टूट गई 12 वर्षीया स्नेहा; मां के साथ घर लौट गया भाई
प्रताड़ना की शिकायत पर 'बेहतर करियर' की मिलती रही नसीहत, अकेलेपन से जूझती रही सातवीं की छात्रा
भदैनी मिरर, वाराणसी। जिस बेटी को माता-पिता ने अफसर बनाने का सपना देखा था, वह अपने ही सपनों और अकेलेपन के बोझ तले इस कदर टूट जाएगी, शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र स्थित ज्ञानदीप एकेडमी के हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदकर जान देने वाली सातवीं की 12 वर्षीय छात्रा स्नेहा मिश्रा की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। गुरुवार तड़के हुए इस हादसे के बाद शुक्रवार को आरोपी शिक्षक शैलेश यादव और वार्डेन प्रीति मिश्रा को जेल भेज दिया गया, लेकिन पीछे छूट गई हैं वे अनकही पीड़ाएं और मार्मिक सवाल, जो हर अभिभावक को भीतर तक झकझोर रहे हैं।
'पढ़ाई कर लोगी तो जीवन संवर जाएगा'- जब शिकायतों पर मिली भविष्य की नसीहत
मूल रूप से बिहार के सीवान जिले (गोपालपुर रतनपुर, बैजलहां) के निवासी तारकेश्वर मिश्रा (जो एमबीए हैं और एक सीमेंट कंपनी में कार्यरत हैं) और उनकी पत्नी आशा ने अपनी बेटी को बेहतर भविष्य और प्रशासनिक अधिकारी बनाने की उम्मीद से बोर्डिंग स्कूल में दाखिला दिलाया था। तारकेश्वर मिश्रा काम के सिलसिले में जोधपुर में रहते हैं, जबकि गांव में पढ़ाई का अनुकूल माहौल न मिल पाने के कारण उन्होंने बच्चों को हॉस्टल में रखा था।
गुरुवार रात जब परिजन और रिश्तेदार लंका थाने पहुंचे, तो उनके चेहरों पर गहरा शोक और पश्चाताप साफ झलक रहा था। परिजनों के अनुसार, स्नेहा अक्सर शिक्षक शैलेश द्वारा मारपीट किए जाने और काम न करने पर प्रताड़ित करने की बात बताती थी। लेकिन परिवार को कभी यह अंदेशा नहीं हुआ कि वह भीतर ही भीतर इतनी सहम गई है कि यह कदम उठा लेगी। जब भी वह पिटाई या परेशानी का जिक्र करती, तो मां उसे यह कहकर समझातीं कि "बेटा पढ़ाई कर लोगी तो जीवन संवर जाएगा।" अब स्नेहा के जाने के बाद मां-पिता को उसकी वे पुरानी बातें रह-रहकर चुभ रही हैं।
माता-पिता से दूरी और अकेलेपन में घुटती रही बचपन की मुस्कान
सहपाठियों और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, स्नेहा गहरे अकेलेपन से जूझ रही थी। करीब छह माह पहले उसे हॉस्टल में रखा गया था, जबकि उसका छोटा भाई भी ज्ञानदीप एकेडमी में कक्षा 6 का छात्र है और चितईपुर स्थित विद्यालय के हॉस्टल में रहता है।
अपनों से दूर हॉस्टल के माहौल में एक तरफ स्कूल की कथित प्रताड़ना-जिसमें पढ़ाई, रंग-सूरत और पहनावे पर तंज कसने व मारपीट के आरोप शामिल हैं- और दूसरी तरफ घर पर अपनी पीड़ा खुलकर न कह पाने की बेबसी ने उसे भीतर ही भीतर तोड़ दिया। दीपावली पर वह घर गई थी और छठ पूजा के बाद मंगलवार को ही वापस हॉस्टल लौटी थी, लेकिन दो दिन बाद ही यह त्रासदी घट गई।
सुसाइड नोट में भाई को खुश रहने की कामना, मां के साथ गया छोटा भाई
कपड़े से मिले सुसाइड नोट में स्नेहा ने शिक्षक शैलेश यादव और वार्डेन प्रीति मिश्रा पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाने के साथ-साथ अपने छोटे भाई के लिए भी संवेदनशील पंक्तियां लिखीं। उसने भाई को जीवन संवारने और आनंद से रहने की बात लिखने के साथ यह इच्छा भी जताई कि छोटा भाई मां के साथ ही रहे।
शुक्रवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद हरिश्चंद्र घाट पर स्नेहा की अंत्येष्टि कर दी गई। इसके बाद परिजन छोटे भाई को भी साथ लेकर चले गए। एक मासूम के चले जाने के बाद यह घटना एक कड़वी सच्चाई छोड़ गई है कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दौड़ में उनकी भावनाओं, डर और अकेलेपन को सुनना-समझना भी उतना ही जरूरी है।