{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: बीमा एजेंट बन शातिर ठगों ने लगाया 10 लाख का चूना, लैप्स पॉलिसी अपडेट कराने का दिया था झांसा

लोहता के बखरिया निवासी बीमा धारक से 10.14 लाख रुपये की साइबर ठगी; साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज।

 

भदैनी मिरर (डिजिटल डेस्क), वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी में साइबर अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला लोहता थाना क्षेत्र का है, जहां साइबर ठगों ने खुद को बीमा कंपनी का प्रतिनिधि बताकर एक पॉलिसी धारक को अपना शिकार बनाया और 10 लाख रुपये से अधिक की चपत लगा दी। पीड़िता की शिकायत पर वाराणसी साइबर थाने में अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

लैप्स पॉलिसी और बोनस दिलाने का दिया लालच

मिली जानकारी के अनुसार, बखरिया (लोहता) के रहने वाले हेमंत मौर्य की मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की एक पॉलिसी कुछ समय पहले लैप्स हो चुकी थी। पीड़ित का बचत खाता हरहुआ स्थित एक्सिस बैंक की वाजिदपुर शाखा में है। हाल ही में हेमंत के पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को इंश्योरेंस कंपनी का अधिकृत एजेंट बताते हुए बातचीत शुरू की।

आरोपी ने हेमंत को भरोसा दिलाया कि उनकी बंद पड़ी पॉलिसी को दोबारा चालू (अपडेट) कराया जा सकता है। साथ ही, उस पर जमा बोनस और रिफंड की भारी-भरकम राशि वापस दिलाने का भी झांसा दिया।

किश्तों में ट्रांसफर करा लिए 10.14 लाख रुपये

ठगों के बुने जाल में फंसकर पीड़ित उनकी बातों में आ गया। इसके बाद आरोपियों ने पॉलिसी री-न्यूअल, प्रोसेसिंग फीस, टैक्स और डॉक्यूमेंटेशन के नाम पर अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करने को कहा। पीड़ित हेमंत झांसे में आकर समय-समय पर रकम जमा कराते रहे। जब तक उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तब तक शातिर ठग उनसे कुल 10 लाख 14 हजार रुपये ऐंठ चुके थे।

साइबर थाने में मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। साइबर थाना पुलिस ने हेमंत मौर्य की तहरीर पर अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उन फोन नंबरों और बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई है।

भदैनी मिरर की अपील: किसी भी अनजान कॉल पर अपनी इंश्योरेंस पॉलिसी या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा न करें। बीमा पॉलिसी से जुड़े किसी भी कार्य के लिए हमेशा अधिकृत शाखा या आधिकारिक वेबसाइट से ही संपर्क करें।