Varanasi Crime News: वाराणसी के चौबेपुर में बच्चों के विवाद में चली गोली, बुजुर्ग को लगी
मारपीट के बीच बचाव में फायरिंग की चर्चा, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के लूठा गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी और हिंसक रूप ले लिया। इस विवाद के दौरान हुई फायरिंग में एक 68 वर्षीय बुजुर्ग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंची चौबेपुर पुलिस ने घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया और मामले की छानबीन में जुट गई है।
प्राथमिक उपचार के बाद BHU ट्रॉमा सेंटर रेफर
जानकारी के अनुसार, लूठा गांव में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसने बाद में बड़ों के विवाद का रूप ले लिया। इसी दौरान चली गोली में गांव के ही 68 वर्षीय लल्लू गुप्ता घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नरपतपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीएचयू (BHU) ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है।
पिता-पुत्र पर गोली मारने का आरोप, आत्मरक्षा में फायरिंग की भी चर्चा
घटना को लेकर दो तरह की बातें सामने आ रही हैं। घायल लल्लू गुप्ता के परिजनों ने गांव के ही अरुण पांडेय और उनके बेटे आयुष पांडेय पर सीधे गोली मारने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने अरुण पांडेय को घेरकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी थी, जिससे बचने और आत्मरक्षा के प्रयास में गोली चलाई गई।
मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी चौबेपुर पुलिस
चौबेपुर पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पीड़ित पक्ष की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं और दोनों पक्षों के दावों की गहनता से जांच की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।