Varanasi Crime: वाराणसी में कारोबारी महिला के नाम पर 19 करोड़ की GST चोरी, खुद को CA बताने वाले पर मुकदमा दर्ज
साड़ी कारोबारी के लॉगिन-पासवर्ड का किया गलत इस्तेमाल; गुजरात की 4 फर्मों को भेजे फर्जी इनवॉइस
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्म नगरी वाराणसी में एक बड़ा जीएसटी (GST) घोटाला सामने आया है, जहां एक कथित सीए (CA) ने साड़ी कारोबारी महिला के विश्वास का गला घोंटते हुए करीब 19 करोड़ रुपये की कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने महिला के जीएसटी पोर्टल का पासवर्ड लेकर चोरी-छिपे गुजरात की चार बड़ी फर्मों के नाम फर्जी इनवॉइस जारी किए। इस मामले में कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद कैंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिटर्न भरने के नाम पर लिया लॉगिन पासवर्ड, फिर शुरू हुआ खेल
वाराणसी के फुलवरिया क्षेत्र की रहने वाली सुप्रिया यादव एक साड़ी कारोबारी हैं और 'वाराणसी सिल्क वर्ल्ड' नाम से उनकी फर्म रजिस्टर्ड है। उन्होंने पुलिस को बताया कि महमूरगंज की गोविंदनगर कॉलोनी निवासी सोमेश कुमार खुद को सीए बताता था। सुप्रिया ने अपनी फर्म का जीएसटी रिटर्न फाइल करने की जिम्मेदारी सोमेश को दी थी और विश्वास में आकर अपना लॉगिन आईडी और पासवर्ड भी साझा कर दिया था।
सर्वर डाउन का बहाना और फिर फरार हुआ आरोपी
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब पिछले साल जून में सुप्रिया को बैंकिंग कार्य के लिए रिटर्न फाइलिंग के कागजात की जरूरत पड़ी। सुप्रिया ने जब सोमेश से दस्तावेज मांगे, तो वह टाल-मटोल करने लगा।
-
आरोपी ने कई दिनों तक 'सर्वर डाउन' होने का बहाना बनाया।
-
जब सुप्रिया ने दबाव बनाया, तो उसने रथयात्रा चौराहे के पास मिलने के लिए बुलाया, लेकिन वहां पहुंचा नहीं और अपना फोन बंद कर लिया।
GST ऑफिस में खुली पोल: साड़ी के नाम पर सीमेंट और स्क्रैप का खेल
शक होने पर कारोबारी सुप्रिया यादव 30 सितंबर 2025 को जीएसटी कार्यालय पहुंचीं। वहां जब उन्होंने अपना पासवर्ड बदलवाकर रिकॉर्ड चेक किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। साड़ी का व्यापार करने वाली उनकी फर्म के नाम से सुपर सल्फेट सीमेंट, स्क्रैप, स्टील रॉड और ट्यूब पाइप जैसे सामानों की सप्लाई के फर्जी इनवॉइस जारी किए गए थे।
गुजरात की इन फर्मों को पहुंचाया फायदा: जांच में सामने आया कि आरोपी सोमेश ने फर्जी तरीके से गुजरात स्थित दीप इंटरप्राइजेज, केशव भवानी स्टील, केआर इंडस्ट्रीज और श्री ईआईएमआई इंटरप्राइजेज को लाभ पहुंचाने के लिए फर्जी इनवॉइस जारी कर करोड़ों की कर चोरी कराई।
कोर्ट के आदेश पर कैंट पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने सोमेश से इस बारे में सवाल किया, तो वह गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने लगा। स्थानीय पुलिस से न्याय न मिलने पर पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर कैंट थाना पुलिस ने कथित सीए सोमेश कुमार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।