{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: चाइल्ड पोर्नोग्राफी का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर, भेलूपुर थाने में FIR दर्ज

11-12 साल के बच्चों का वीडियो वायरल होने पर साइबर प्रभारी ने दर्ज करवाया केस, जाँच में जुटी पुलिस 

 

 

 

वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराध और बाल यौन शोषण से जुड़ा एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमेरिका स्थित 'नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन' (NCMEC) और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) की टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर वाराणसी साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक के खिलाफ प्राथमिक दर्ज की है।


क्या है पूरा मामला?


भेलूपुर साइबर प्रभारी संदीप सिंह द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, NCRP पोर्टल के NCMEC टैब से एक साइबर टिपलाइन रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। यह रिपोर्ट इंटरनेट पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा 'चाइल्ड पोर्नोग्राफी' (बाल अश्लील सामग्री का निर्माण, संग्रह एवं वितरण) शेयर करने से संबंधित थी।
जांच के दौरान टिपलाइन रिपोर्ट में दिए गए डेटा का तकनीकी अवलोकन किया गया। जांच अधिकारियों ने पाया कि करीब 1 मिनट 13 सेकेंड की एक बेहद संवेदनशील और आपत्तिजनक वीडियो क्लिप इंस्टाग्राम के एक अकाउंट से शेयर की गई थी। इस वीडियो में 11 से 13 वर्ष के नाबालिग बच्चों का शारीरिक शोषण और आपत्तिजनक गतिविधियां रिकॉर्ड की गई थीं।


ऐसे हुई आरोपी की पहचान


साइबर सेल द्वारा इंस्टाग्राम यूजर आईडी  और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) व CAF रिपोर्ट का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी का नाम हिमांशू सिंह कुन्देर उर्फ हिमांशु ठाकुर है जो राम मंदिर के पास, खोजवा बाजार, थाना भेलूपुर का निवासी है। इंस्टाग्राम आईडी के पंजीकरण में प्रयुक्त मोबाइल नंबर और प्रयुक्त डिवाइस के आधार पर आरोपी की संलिप्तता प्रथम दृष्टया स्पष्ट पाई गई।


विधिक कार्यवाही शुरू


मामले की गंभीरता को देखते हुए उप-निरीक्षक एवं साइबर प्रभारी संदीप सिंह की तहरीर पर भेलूपुर थाने में आरोपी हिमांशू सिंह कुन्देर के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को जब्त करने हेतु आवश्यक विधिक कार्यवाही में जुट गई है।