Varanasi: Cantt Station पर स्टार गैंग के दो युवक अरेस्ट, ₹50 हजार नकद सहित चोरी के जेवरात बरामद
ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था ‘स्टार गैंग’, GRP–RPF की संयुक्त कार्रवाई में प्लेटफॉर्म नंबर 9 के पास दबोचे गए आरोपी
वाराणसी,भदैनी मिरर। कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों के जेवरात उड़ाने वाले ‘स्टार गैंग’ के दो सक्रिय सदस्यों को सुरक्षा एजेंसियों ने धर दबोचा है। यह कार्रवाई Varanasi Cantonment Railway Station पर की गई, जहां Government Railway Police (GRP) और Railway Protection Force (RPF) की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 9 के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए युवकों की पहचान सुल्तानपुर निवासी गुलजार (22) और सारनाथ क्षेत्र के बरईपुर निवासी करन कुमार (21) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से करीब 50 हजार रुपये नकद, तीन अंगूठियां, एक चेन, पायल, बिछिया, सुई-धागा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
हाथ पर बना था ‘स्टार’, खुद को बताया गैंग का सदस्य
GRP के अनुसार दोनों युवकों के हाथ पर स्टार का निशान बना हुआ था। पूछताछ में उन्होंने खुद को “स्टार गैंग” का सदस्य बताया और स्वीकार किया कि वे ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर जेवरात चोरी करते थे।
GRP इंस्पेक्टर ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर 9 के पास काशी साइड रेलिंग हट से पहले रेल पटरी के करीब संदिग्ध गतिविधि के दौरान दोनों को पकड़ा गया।
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी गुलजार पर पहले से आठ मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से दो Kanpur Central Railway Station जीआरपी और बाकी वाराणसी से जुड़े हैं। वहीं करन कुमार के खिलाफ जीआरपी कैंट थाने में पहले ही पांच अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज है।
दोनों के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
रेलवे पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्टेशन परिसर और ट्रेनों में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि सफर के दौरान अपने कीमती सामान पर विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।