Varanasi: काशी, अयोध्या और मथुरा में बम धमाके की धमकी, ईमेल मिलने के बाद वाराणसी में हाई अलर्ट
खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए ईमेल में दी गई चेतावनी; मंदिरों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा सख्त
भदैनी मिरर (वाराणसी)। धार्मिक नगरी काशी, अयोध्या और मथुरा को एक बार फिर दहलाने की धमकी दी गई है। बुधवार की दोपहर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें दीपावली तक स्कूलों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर बम धमाके करने की चेतावनी दी गई है। इस सनसनीखेज धमकी के बाद वाराणसी समेत तीनों शहरों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं और वाराणसी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया ईमेल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12:25 बजे अधिकारियों को भेजे गए इस ईमेल में 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' का जिक्र करते हुए काशी, अयोध्या और मथुरा को निशाना बनाने की बात कही गई है। मेल मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल प्रभाव से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
मंदिरों, घाटों और प्रमुख प्रतिष्ठानों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर के सभी प्रमुख स्थलों पर चौकसी बढ़ा दी है। सुरक्षा के मद्देनजर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर, प्रमुख घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल तैनात कर सघन चेकिंग की जा रही है। नगर निगम मुख्यालय और मेयर कार्यालय समेत विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक दफ्तरों में एंटी-सबोटेज टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया गया। शैक्षणिक संस्थानों को भी एहतियात के तौर पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
'वाराणसी में पहले से था अलर्ट, बरती जा रही अतिरिक्त सतर्कता'
वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि वाराणसी में सुरक्षा को लेकर पहले से ही अलर्ट जारी था। ईमेल के जरिए धमकी मिलने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों को और अधिक सतर्क कर दिया गया है। शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है और साइबर सेल की टीम धमकी भरा ईमेल भेजने वाले अज्ञात शख्स की तकनीकी जांच (IP Tracking) में जुटी हुई है।