वाराणसी: अवैध संबंध के शक में हुई थी ब्यूटिशियन की हत्या, आरोपी साथी गिरफ्तार
50 वर्षीय मनोज शर्मा ने घोंटा था अपनी महिला मित्र का गला, हरिश्चंद्र घाट के पास से दबोचा, भेजा जेल
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के औरंगाबाद (लक्सा) इलाके में हुई 35 वर्षीय ब्यूटिशियन पूनम शर्मा की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को लक्सा पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में पूनम के साथी 50 वर्षीय मनोज शर्मा को शुक्रवार को हरिश्चंद्र घाट के पास से गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता कर घटना की पूरी सच्चाई सामने रखी।
शक की आग में जल रहा था आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी मनोज शर्मा ने बताया कि पूनम अक्सर दो व्यक्तियों से फोन पर लंबी बात करती थी। मनोज को शक था कि पूनम के किसी और से अवैध संबंध हैं। मना करने के बावजूद जब पूनम ने बात करना बंद नहीं किया, तो नशे की हालत में मनोज ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और उसका मोबाइल कहीं फेंक दिया।
बच्चों को साथ रखने पर था भारी विरोध
जांच में यह भी सामने आया कि पूनम अपने पति किसन प्रसाद और दो बच्चों को छोड़कर 2021 से मनोज के साथ रह रही थी। करीब एक माह पहले उसके पति के निधन के बाद पूनम अपने बच्चों को साथ रखना चाहती थी। आरोपी मनोज का कहना था कि बच्चे अब बड़े हो गए हैं और वे उसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे। मनोज के भाई सुनील की पत्नी ने पुलिस को बताया कि इसी बात को लेकर पिछले एक महीने से दोनों के बीच कई बार तीखा विवाद हुआ था।
पुलिस टीम को मिली सफलता
हत्यारोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में लक्सा थानाध्यक्ष राजू कुमार, औरंगाबाद चौकी प्रभारी प्रमोद कुशवाहा, उप निरीक्षक सुमित कुमार सहित अभिषेक पांडेय, शिवम यादव आदि शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को सुसंगत धाराओं में जेल भेज दिया है।