{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi News: रहस्यमय हालात में ऑटो चालक लापता, 10 दिन बाद हत्या की आशंका, दोस्तों पर परिजनों ने जताया शक

आदमपुर के कोनिया सट्टी निवासी 22 वर्षीय सन्नी सोनकर का कोई सुराग नहीं
 

 

वाराणसी, भदैनी मिरर। आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया सट्टी इलाके से एक 22 वर्षीय ऑटो चालक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक बीते दस दिनों से घर नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को लिखित तहरीर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी आदमपुर विमल मिश्रा जांच में जुट गए हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।


28 जनवरी को दोस्तों के साथ निकला था युवक

लापता युवक की पहचान सन्नी सोनकर (22) निवासी कोनिया सट्टी, आदमपुर के रूप में हुई है। सन्नी पेशे से ऑटो चालक था। परिजनों के अनुसार, 28 जनवरी को उसके कुछ दोस्त घर आए और यह कहकर उसे बुलाकर ले गए कि बिहार की ओर एक भाड़ा मिला है।
इसके बाद से सन्नी वापस घर नहीं लौटा।


पहले दर्ज कराई गई थी गुमशुदगी

कई दिनों तक इंतजार के बाद परिजनों ने आदमपुर थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार को किसी परिचित के जरिए जानकारी मिली कि सन्नी की मारपीट कर हत्या कर दी गई है।
इस सूचना के बाद परिजन थाने पहुंचे और हत्या की आशंका जताते हुए लिखित शिकायत दी।


CCTV खंगाल रही पुलिस, संदिग्ध युवकों से पूछताछ

प्रार्थना पत्र मिलते ही थाना प्रभारी विमल मिश्रा खुद कथित मारपीट स्थल पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही परिजनों द्वारा बताए गए युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।