{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: ANTF की बड़ी कार्रवाई, बड़ागांव रिंग रोड से 60 लाख के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

बिहार से मंगाया गया था 105 किलो गांजा; होंडा अमेज कार और नगदी बरामद

 

वाराणसी / भदैनी मिरर: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की बाराबंकी यूनिट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एएनटीएफ टीम ने वाराणसी कमिश्नरेट के बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड चौराहे के पास से दो सक्रिय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों के पास से 105.185 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई घेराबंदी

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और एएनटीएफ लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में उप-निरीक्षक पुरुषोत्तम विश्वकर्मा और मनीष कुमार दुबे के नेतृत्व में एएनटीएफ बाराबंकी की टीम ने सारनाथ से रिंग रोड की तरफ आने वाली सर्विस लेन पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध स्थिति में खड़ी एक होंडा अमेज कार की तलाशी ली गई, जिसमें से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल सिंह  निवासी: पंवारेपुर, थाना चोलापुर, जनपद वाराणसी और अनमोल सैनी निवासी: पचकोशी रोड, पैगंबरपुर, थाना सारनाथ, जनपद वाराणसी  हैं। 

बिहार से मंगाया जाता था गांजा

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे मिलकर बिहार से एक सप्लायर के जरिए अवैध गांजा मंगाते थे। इसके बाद वाराणसी व आसपास के इलाकों में ग्राहकों की तलाश कर इसे ऊंचे दामों पर बेचते थे। घटना के दिन भी वे बिहार से आए गांजे की खेप को ठिकाने लगाने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें धर दबोचा। एएनटीएफ अब इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (सप्लायर और खरीदारों) की पड़ताल कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस टीम को गांजा 105.185 किलोग्राम (कीमत लगभग ₹60 लाख), 1 होंडा अमेज कार, नगदी: ₹360, 3 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और 3 एटीएम कार्ड शामिल है। 

मामले में थाना बड़ागांव (कमिश्नरेट वाराणसी) में धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act, 1985) पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:
कार्रवाई में एएनटीएफ बाराबंकी के उ०नि० पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, उ०नि० मनीष कुमार दुबे, हे०का० वेद प्रकाश दुबे, आलोक सिंह, आदिल हाशमी, सुनील राय तथा कां० गौरव तिवारी, अमरपाल और कृष्ण कुमार यादव शामिल रहे।