Varanasi: विवाहिता पर धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप, तीन नामजद सहित 6 पर केस
राजातालाब थाना क्षेत्र का मामला, शिकायत करने पर पीड़िता के भाई को दी 'सिर तन से जुदा' करने की धमकी
वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला राजातालाब थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ एक विवाहिता को बहला-फुसलाकर अगवा करने और उस पर जबरन धर्म परिवर्तन (conversion) कर निकाह करने का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगा है। इतना ही नहीं, जब पीड़िता के परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके घर पर धावा बोलकर अंधाधुंध फायरिंग की, परिजनों को पीटा और घर में लूटपाट की। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद सगे भाइयों और चार अज्ञात समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिस्तौल और तलवार लेकर घर में घुसे हमलावर
पीड़िता के भाई द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, शाहंशाहपुर गांव का रहने वाला इजराइल उसकी विवाहिता बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। जब भाई ने इस बात का विरोध किया, तो 25 मई की रात इजराइल अपने भाई इसरार अहमद और चार अन्य अज्ञात बदमाशों के साथ पीड़ित के घर धमक पड़ा।
आरोपियों के हाथों में पिस्तौल, तलवार और लाठी-डंडे थे। घर पहुंचते ही आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पीड़ित भाई ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद हमलावर घर के भीतर घुस गए और महिलाओं व अन्य परिजनों के साथ बेरहमी से मारपीट की।
10 हजार कैश और सोने की चेन लूटी, दी 'सिर धड़ से अलग' करने की धमकी
दहशत का माहौल पैदा कर बदमाशों ने घर में जमकर तांडव मचाया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने घर से 10 हजार रुपये नकद, कीमती सामान और एक सोने की चेन लूट ली। शोर-शराबा सुनकर जब तक गांव के लोग मौके पर इकट्ठा होते, तब तक सभी आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
हद तो तब हो गई जब घटना के अगले दिन आरोपी दोबारा पीड़ित के घर पहुंचे। इस बार उन्होंने पीड़ित परिवार को जुबान बंद रखने की चेतावनी दी और कहा कि अगर पुलिस में शिकायत की, तो उसका 'सिर धड़ से अलग' कर दिया जाएगा।
पुलिस ने दर्ज की FIR, तलाश जारी
आरोपियों की इस खौफनाक धमकी के बावजूद पीड़ित भाई ने हिम्मत दिखाई और राजातालाब थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी दोनों भाइयों (इजराइल और इसरार) व चार अज्ञात के खिलाफ अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, डकैती, घर में घुसकर जानलेवा हमला करने और धमकी देने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि "पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"