Varanasi: रोहनिया के कुरहुआ गांव में घर में घुसकर युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, गर्दन पर आए 20 टांके
रोहनिया में दहला देने वाली वारदात; घर में घुसकर युवक की रेती गर्दन, 20 टांके आए; एक साल पहले भी हुआ था हमला
भदैनी मिरर क्राइम डेस्क, वाराणसी: वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरहुआ गांव में रविवार की आधी रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घर में घुसकर अज्ञात और नामजद बदमाशों ने एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में पीड़ित की गर्दन गंभीर रूप से कट गई, जिन्हें इलाज के दौरान 20 टांके लगाए गए हैं। पीड़ित की तहरीर पर रोहनिया पुलिस ने नामजद आरोपी और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आधी रात चारदीवारी फांदकर कमरे में घुसे हमलावर
कुरहुआ निवासी पीड़ित उमेश शेखर पुत्र शंकर राम ने रोहनिया पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि रविवार की रात करीब 12:30 बजे वह अपने घर के अंदर थे। इसी दौरान दो बदमाश मकान की चारदीवारी फांदकर सीधे उनके कमरे में घुस आए।
पीड़ित के मुताबिक, इनमें से एक हमलावर की पहचान गजाधरपुर निवासी मगरू प्रसाद यादव के रूप में हुई, जबकि दूसरा व्यक्ति अज्ञात था, जिसे सामने आने पर पहचाना जा सकता है। कमरे में दाखिल होते ही मगरू प्रसाद यादव ने धारदार हथियार से उमेश शेखर की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
'पिछली बार बच गया था, आज काम तमाम...' बोलकर भागे हमलावर
परिजनों और पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, हमलावर उमेश शेखर को मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि "पिछली बार यह बच गया था, लेकिन इस बार इसका काम तमाम हो गया है।"
हमले के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ गर्दन पर गंभीर घाव होने के कारण डॉक्टरों को 20 टांके लगाने पड़े। पीड़ित की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
एक साल पहले भी हुआ था जानलेवा हमला
पीड़ित उमेश शेखर ने पुलिस को बताया कि उन पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है। करीब एक साल पहले हुई उस घटना के संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। एक बार फिर इस तरह की वारदात होने से पीड़ित परिवार गहरी दहशत और भय के माहौल में जी रहा है।
रोहनिया पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपी मगरू प्रसाद यादव और एक अन्य अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।