{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: BLW की गोमती मार्केट में बेखौफ चोरों का तांडव, कई घरों में चोरी से हड़कंप

मंडुआडीह थाना क्षेत्र की घटना; एसीपी अवधेश विश्वकर्मा ने किया निरीक्षण, RPF की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 

वाराणसी (मंडुआडीह) / भदैनी मिरर: बनारस लोकोमोटिव वर्कस (BLW) परिसर स्थित गोमती मार्केट रिहायशी इलाके में बेखौफ चोरों ने ताबड़तोड़ कई घरों को निशाना बनाकर पुलिसिया गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं। एक ही रात में कई मकानों में हुई चोरी की घटनाओं से स्थानीय निवासियों और रेल कर्मियों में दहशत और हड़कंप का माहौल व्याप्त है।

एसीपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अवधेश विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से बातचीत की और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया। एसीपी ने बताया कि कई घरों में चोरी होने की बात सामने आई है और पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।

A post shared by Bhadaini Mirror (@bhadainimirrornews)

आरपीएफ की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बीएलडब्ल्यू परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मुख्य रूप से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जिम्मे होती है। ऐसे में परिसर के भीतर इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।

आरपीएफ की ड्यूटी व्यवस्था और लापरवाही से जुड़े सवाल पर एसीपी अवधेश विश्वकर्मा ने कहा कि बीएलडब्ल्यू और आरपीएफ अधिकारियों के साथ जल्द ही एक उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करने और भविष्य की रणनीति तय करने पर ठोस कदम उठाए जाएंगे।