Varanasi: वाराणसी के प्ले स्कूल में हैवानियत, पैंट में पेशाब करने पर 5 साल के बच्चे के प्राइवेट पार्ट को चाकू गर्म कर जलाने का आरोप
लालपुर पांडेयपुर के 'सेरेन सोनी प्ले स्कूल' की टीचर और प्रिंसिपल पर केस दर्ज; रोते हुए अधिवक्ता पिता ने सुनाई मासूम की दर्दनाक आपबीती
वाराणसी (भदैनी मिरर)। शिक्षा की नगरी वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज, शर्मनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। अकथा स्थित 'सेरेन सोनी प्ले स्कूल' में नर्सरी के महज 5 साल के मासूम छात्र के साथ स्कूल परिसर में हैवानियत की हदें पार कर दी गईं। क्लासरूम में पैंट के अंदर पेशाब हो जाने से आगबबूला हुई लेडी टीचर ने बच्चे को दूसरे कमरे में ले जाकर गैस पर चाकू गर्म किया और उसके प्राइवेट पार्ट (लिंग) को दाग दिया।
पीड़ित बच्चा पेशे से अधिवक्ता का पुत्र है। मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने स्कूल की शिक्षिका, प्रिंसिपल और प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पैंट में पेशाब करने पर हैवान बनी शिक्षिका
पीड़ित पिता के अनुसार घटना 24 जुलाई 2026 की है। जे.डी. नगर कॉलोनी (अकथा, पहड़िया) निवासी अधिवक्ता केशरी जायसवाल का 5 वर्षीय पुत्र 'अस्तित्व जायसवाल' सेरेन सोनी प्ले स्कूल में नर्सरी का छात्र है। तहरीर के अनुसार, घटना के दिन बच्चे ने अपनी क्लास टीचर प्रीति कुशवाहा से बाथरूम (शौचालय) जाने की इजाजत मांगी, लेकिन शिक्षिका ने मना कर दिया।
शौचालय न जा पाने के कारण मासूम का नियंत्रण छूट गया और उसने पैंट में ही पेशाब कर दिया। इतने पर ही शिक्षिका आपा खो बैठी और मासूम को घसीटते हुए दूसरे कमरे में ले गई। वहां उसने गैस जलाकर चाकू लाल किया और बच्चे के प्राइवेट पार्ट को बुरी तरह जला दिया। साथ ही बच्चे को मारपीट कर धमकी दी कि अगर दोबारा ऐसी गलती की तो इससे भी बुरा हाल करेगी।
"जो करना है कर लो, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता" - प्रिंसिपल की धमकी
घर पहुँचने पर डरे-सहमे मासूम ने जब अपने पिता को पूरी आपबीती बताई, तो परिजनों के होश उड़ गए। अधिवक्ता पिता ने तुरंत क्लास टीचर को फोन मिलाया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद जब बच्चे की माँ ने फोन किया, तो स्कूल की प्रिंसिपल हेमलता सिंह ने सांत्वना देने के बजाय दबंगई दिखाते हुए धमकी दी कि "तुमको जो करना है कर लो, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।"
अगले दिन 25 जुलाई 2026 की सुबह जब पीड़ित पिता स्कूल पहुंचे, तो प्रिंसिपल और प्रबंधक ने साफ कह दिया कि वे कोई सहयोग नहीं करेंगे और जहाँ जाना है जाएँ।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, रो पड़े अधिवक्ता पिता
मीडिया से बातचीत के दौरान अपने 5 साल के मासूम बच्चे के साथ हुई इस हैवानियत को बताते हुए अधिवक्ता पिता फूट-फूटकर रो पड़े। पीड़ित पिता की लिखित तहरीर के आधार पर लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 118(1)और 351(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।