वाराणसी: कलयुगी मां ने 16 हजार रुपये और 10 साड़ियों में बेची 12 साल की मासूम, खरीदार और ऑटो चालक ने किया दुष्कर्म, 3 गिरफ्तार
सारनाथ पुलिस का बड़ा खुलासा; दो बच्चों के पिता ने रचाया था शादी का ढोंग, कम उम्र दिखने के लिए कराया था हेयर ट्रांसप्लांट
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली और रूह कपा देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां बिहार की एक महिला ने महज 16 हजार रुपये और 10 साड़ियों की खातिर अपनी ही 12 वर्षीय मासूम बेटी का सौदा कर दिया। इसके बाद नाबालिग को खरीदने वाले अधेड़ और बाद में एक ऑटो चालक ने उसके साथ कई महीनों तक दुष्कर्म किया। सारनाथ पुलिस ने इस बेहद संवेदनशील और घिनौने मामले का खुलासा करते हुए कलयुगी मां समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
16 हजार रुपये और 10 साड़ियों में हुआ सौदा
यह पूरा मामला जनवरी 2026 का है। पुलिस के मुताबिक, बिहार के अरवल जिले की रहने वाली एक महिला ने अपनी 12 साल की बेटी को चंदौली के बलुआ (हरधन) निवासी लहरू यादव उर्फ राकेश को बेच दिया था। इसके एवज में लहरू ने मासूम की मां को 16 हजार रुपये नकद और 10 साड़ियां दी थीं।
कम उम्र का दिखने के लिए कराया हेयर ट्रांसप्लांट
आरोप है कि समाज की नजरों से बचने और दिखावे के लिए 40 वर्षीय लहरू यादव ने चंदौली के चहनिया क्षेत्र के एक मंदिर में नाबालिग से शादी का ढोंग रचाया। लहरू पहले से ही दो बच्चों का पिता है और उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। वह खुद को कम उम्र का दिखाना चाहता था, इसके लिए उसने दिल्ली जाकर करीब 90 हजार रुपये खर्च किए और हेयर ट्रांसप्लांट कराया। शादी के नाम पर वह पिछले चार महीनों से मासूम को बंधक बनाकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म करता रहा।
रेलवे स्टेशन पर छोड़ा, तो ऑटो चालक ने की दरिंदगी
बीती 19 मई को आरोपी लहरू यादव पीड़िता को बनारस रेलवे स्टेशन (मंडुवाडीह) पर अकेला छोड़कर भाग निकला। स्टेशन पर मासूम को रोता और बेसहारा देख झारखंड निवासी ऑटो चालक रवि वर्मा ने मदद का झांसा दिया। रवि वर्तमान में वाराणसी के पहड़िया इलाके में रहकर ऑटो चलाता है।
आरोप है कि वह मदद के बहाने नाबालिग को सारनाथ स्थित एक तालाब के पास ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। जब बच्ची ने शोर मचाने की कोशिश की, तो उसने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह उसे पहड़िया स्थित अपने कमरे पर ले आया।
पड़ोसियों के शक ने बचाया, पुलिस ने किया भंडाफोड़
ऑटो चालक के घर में संदिग्ध हालात में बच्ची को देखकर स्थानीय पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना तुरंत सारनाथ पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने फौरन कार्रवाई करते हुए नाबालिग को आरोपी के चंगुल से मुक्त कराया।
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया:
"पीड़िता की तहरीर के आधार पर 21 मई को दुष्कर्म, पॉक्सो (POCSO) एक्ट और मानव तस्करी (Antitrafficking) सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। शनिवार को फरीदपुर अंडरपास और सारनाथ रेलवे स्टेशन के पास से घेराबंदी कर पीड़िता की मां, मुख्य आरोपी लहरू यादव और ऑटो चालक रवि वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।"