{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: रोहनिया में स्टोर संचालक हत्याकांड में पुलिस की 8 टीमें जांच में जुटी, जमीन, पैसा और पुरानी रंजिश समेत हर एंगल पर जांच 
 

 500 CCTV खंगाले, 15 से पूछताछ,  विधायक और पूर्व मेयर ने की मुलाकात
 

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के अवलेशपुर (सौरभ विहार कॉलोनी) में अपने घर से महज 500 मीटर की दूरी पर जनरल स्टोर संचालक जितेंद्र पटेल की सनसनीखेज गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस महकमा पूरी तरह एक्शन में है। इस अंधी कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। अब तक पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध भूमिका को देखते हुए 15 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।

हाईवे से लेकर लंका तक खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

वारदात के बाद हत्यारों का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया है। अखरी बाईपास, डाफी टोल प्लाजा से लेकर लंका इलाके तक के करीब 500 सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला गया है, ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। इसी कड़ी में पुलिस की एक विशेष टीम बुधवार को चंदौली के बबुरी इलाके में पहुंची, जहां जितेंद्र की एक विवादित जमीन की जानकारी मिली थी। इसके अलावा सीरगोवर्धनपुर के एक युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जमीन, बैंक खाता और आपसी विवाद: हर एंगल पर तफ्तीश

पुलिस के अनुसार, हत्या की सटीक वजह अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पीड़ित परिजन भी किसी खास रंजिश के बारे में ठोस जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। हालांकि, पुलिस निम्नलिखित बिंदुओं को केंद्र में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है:

  • जमीन का सौदा: हाल ही में जितेंद्र ने एक जमीन बेची थी, जिसके पैसे उनके बैंक खाते में सुरक्षित हैं।

  • पारिवारिक बंटवारा: इससे पहले भी एक जमीन बिकी थी, जिसका भाइयों के बीच बंटवारा हुआ था।

  • दुकान के बाहर मारपीट: कुछ दिनों पहले जितेंद्र की दुकान के बाहर कुछ युवकों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी, जिसमें जितेंद्र ने बीच-बचाव करते हुए कुछ लड़कों को डांटकर चेतावनी दी थी।

पुलिस की 8 टीमें दे रही हैं दबिश, डीसीपी ने कहा- जल्द होगा खुलासा

डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे के लिए सर्विलांस, एसओजी (SOG) और स्थानीय पुलिस को मिलाकर कुल 8 टीमें काम कर रही हैं। वहीं, एडीसीपी वरुणा लिपी नागयाच ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

विधायक और पूर्व मेयर ने बंधाया ढांढस

वारदात के बाद रोहनिया विधानसभा के विधायक डॉ. सुनील पटेल और वाराणसी के पूर्व मेयर कौशलेंद्र सिंह पटेल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से स्पष्ट तौर पर कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।