वाराणसी: चेतगंज में सर्राफा व्यापारी से ₹5 लाख लूटने वाले 8 शातिर गिरफ्तार, एनकाउंटर में मुख्य आरोपी आकाश सेठ को लगी गोली
प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए दोस्त से उधार लिए थे पैसे; अपनों ने ही रेकी कर बिछाया था लूट का जाल, शत-प्रतिशत रिकवरी
भदैनी मिरर, वाराणसी।
वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र में आनंद सिनेमा के पास सर्राफा व्यापारी से हुई ₹5 लाख की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने शत-प्रतिशत रिकवरी के साथ खुलासा कर दिया है। चेतगंज और रामनगर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस वारदात को अंजाम देने वाले 8 शातिर अभियुक्तों को रामनगर के लंका मैदान के पास से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी और गैंग के सरगना आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंक दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आकाश सेठ के बाएं पैर में गोली लगी है, जिसे तत्काल इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए लाए थे पैसे, अपनों ने ही रची साजिश
एडीसीपी काशी जोन गौरव बांगर ने बताया कि पीड़ित सर्राफा व्यापारी ने 27 जून को अपने एक मित्र से प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के लिए ₹5 लाख उधार लिए थे। जब वे नदेसर से स्कूटी पर पैसे कपड़े के झोले में रखकर अपने घर लौट रहे थे, तभी बाटी-चोखा रेस्टोरेंट के पास बदमाशों ने उन्हें घेरकर लूट लिया।
जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि पीड़ित का परिचित आकाश सेठ ही था। आरोपी प्रद्युम्न यादव और आशीष मौर्य ने मिलकर व्यापारी के आने-जाने के समय की सटीक रेकी की थी और सूचना अपने साथियों से साझा कर इस वारदात को अंजाम दिलवाया।
अलग-अलग नहीं, एक ही गैंग की दो टीमें थीं सक्रिय
शुरुआती चर्चाओं में दो अलग-अलग गैंग द्वारा लूट की बात सामने आ रही थी, जिसे स्पष्ट करते हुए एडीसीपी गौरव बांगर ने बताया कि जांच में पाया गया कि दोनों टीमें अलग नहीं थीं। सभी आरोपियों ने एक ही गैंग का हिस्सा बनकर, आपसी तालमेल और सुनियोजित षड्यंत्र के तहत इस बड़ी लूट को अंजाम दिया था। इस मामले में अभी 3 अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
स्विफ्ट कार, बुलेट और पिस्टल बरामद
संयुक्त पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए लूटे गए ₹5,00,000 (पांच लाख रुपये) शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा बदमाशों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई 1 स्विफ्ट कार, 1 बुलेट मोटरसाइकिल, 1 पिस्टल और 2 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
मुठभेड़ में घायल हुए मुख्य आरोपी आकाश सेठ (निवासी नवापुरा, दारानगर) का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ सिगरा, कोतवाली, वाराणसी और जौनपुर के नेवढ़िया थाने में हत्या के प्रयास, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत 6 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी आशीष मौर्य और अमित कुमार का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड मिला है।
चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला और रामनगर थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व वाली इस संयुक्त टीम की बड़ी कामयाबी पर पुलिस उपायुक्त (DCP) काशी जोन ने पूरी टीम को ₹25,000 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।