वाराणसी-प्रयागराज मेमू ट्रेन पर पत्थरबाजी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार: लड़कियों पर कागज फेंकने को लेकर हुआ था विवाद
भदोही के अहिरमनपुर हॉल्ट पर हुई पत्थरबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल; GRP और RPF की संयुक्त टीम ने की बड़ी कार्रवाई।
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी-प्रयागराज मेमू (MEMU) ट्रेन पर पत्थरबाजी कर यात्रियों की जान जोखिम में डालने और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले 6 अराजक तत्वों को राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और आरपीएफ (RPF) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में 4 बालिग और 2 नाबालिग शामिल हैं।
यह पूरी कार्रवाई 28 अगस्त को भदोही के अहिरमनपुर हॉल्ट पर हुई घटना के वायरल वीडियो के आधार पर की गई है। बालिग आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
लड़कियों पर कागज के टुकड़े फेंकने से शुरू हुआ था विवाद
मामले का खुलासा करते हुए सीओ जीआरपी (वाराणसी) कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि 28 अगस्त को वाराणसी-प्रयागराज मेमू ट्रेन में यात्रा के दौरान बोगी के अंदर सीट को लेकर और ट्रेन में बैठी कुछ लड़कियों पर कागज के टुकड़े फेंकने को लेकर यात्रियों के बीच कहासुनी हुई थी।
विवाद इतना बढ़ गया कि जैसे ही ट्रेन भदोही जिले के अहिरमनपुर हॉल्ट पर पहुंची, आरोपी पक्ष के युवकों ने ट्रेन और उसमें सवार यात्रियों को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया।
वायरल वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान
ट्रेन पर हुई पत्थरबाजी का वीडियो किसी यात्री ने अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। वीडियो सामने आते ही जीआरपी और आरपीएफ हरकत में आई और साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जीआरपी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भदोही और औराई क्षेत्र के रहने वाले 6 युवकों को चिन्हित कर हिरासत में ले लिया।
जीआरपी सीओ का बयान सीओ जीआरपी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया:
"28 तारीख को मेमू ट्रेन में बोगी के अंदर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में अहिरमनपुर हॉल्ट पर यात्रियों और ट्रेन संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के इरादे से पत्थरबाजी की गई। मामले में कुल 6 लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें 2 नाबालिग हैं। बालिग आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है, वहीं दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।"
रेलवे पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों में यात्रा के दौरान हुड़दंग मचाने और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।