वाराणसी: अर्दली बाजार में वक्फ संपत्ति पर कब्जे की कोशिश, डॉक्टर समेत 5 पर केस
अदालत से केस हारने के बाद कूटरचित दस्तावेज बनाने का आरोप
वाराणसी। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्दली बाजार स्थित मियाना महाल में वक्फ संपत्ति पर अवैध कब्जे, मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित मुतवल्ली की तहरीर पर कैंट पुलिस ने सोनभद्र सीएचसी के एक मेडिकल अफसर (MO) समेत पांच नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अदालत से केस हारने के बाद कूटरचित दस्तावेज बनाने का आरोप
कैंट थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, सैयद अजफर अली और उनके भाई अर्दली बाजार स्थित 'वक्फ अलल औलाद' संपत्ति के वैध मुतवल्ली हैं। नगर निगम और जल संस्थान के अभिलेखों में भी उन्हीं का नाम दर्ज है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विपक्षियों ने वर्ष 2016 में इस संपत्ति को लेकर एक वाद दायर किया था, जिसे उत्तर प्रदेश वक्फ न्यायाधिकरण (Lucknow) ने 27 मार्च, 2024 को खारिज कर दिया था। अदालत ने सैयद अजफर अली और उनके भाई को ही संपत्ति का वैध मुतवल्ली व कब्जेदार माना था। इसके बावजूद, आरोपियों ने फर्जी व कूट रचित दस्तावेज तैयार कर जमीन पर कब्जा करने की नीयत रखी।
सड़क चौड़ीकरण का फर्जी मुआवजा उठाने की भी शिकायत
आरोप है कि हाल ही में सड़क चौड़ीकरण प्रक्रिया के दौरान आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज लगाकर मुआवजा हड़पने की कोशिश की। जब असली मुतवल्लियों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लामबंद होकर संपत्ति पर चढ़ाई कर दी।
आरोपियों पर तोड़फोड़ करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
इन लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
कैंट पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सोनभद्र सीएचसी में तैनात मेडिकल अफसर (MO) समेत कुल 5 नामजद और 10 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वक्फ संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।