{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi : पुरुषों से छेड़खानी के आरोप में 2 युवतियां गिरफ्तार; पुलिस ने दर्ज किया केस

कैंट स्टेशन के पास पिलर संख्या 57 से 60 के बीच राहगीरों को अश्लील इशारे करना पड़ा भारी

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 'एंटी रोमियो टीम' ने एक बेहद अनोखी और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा और असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इस बार पुलिस ने पुरुषों से छेड़खानी और अश्लील हरकतें करने के आरोप में दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। उत्तर प्रदेश में अपनी तरह का यह पहला मामला माना जा रहा है, जहाँ पुरुषों को परेशान करने के आरोप में महिलाओं पर यह विधिक कार्रवाई की गई है।

कैंट स्टेशन पिलर 57 से 60 के पास से हुई गिरफ्तारी


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवतियों द्वारा राहगीरों को अश्लील इशारे कर परेशान करने की सूचना एंटी रोमियो टीम को लगातार मिल रही थी।

सूचना के सत्यापन के बाद एंटी रोमियो टीम की प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी की और दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीविका (बदला हुआ नाम - उम्र 42 वर्ष) मूल निवासी बहुआरा, थाना सम्पच्चक (पटना, बिहार), हाल पता- डीएलडब्ल्यू पॉपुलर हॉस्पिटल के पीछे, वाराणसी और रुबिया (बदला हुआ नाम - उम्र 28 वर्ष) मूल निवासी मलनी, थाना कुटहन (जौनपुर), हाल पता- सुदासपुर, मण्डुआडीह, वाराणसी के रुप में हुई है। 


BNS की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिगरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (सार्वजनिक स्थल पर अश्लील कार्य या हरकतें करना) में मामला पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस त्वरित कार्रवाई के बाद कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में लंबे समय से सक्रिय देह व्यापार और असामाजिक गतिविधियों से जुड़े तत्वों में हड़कंप मच गया है।

इस टीम ने कार्रवाई को दिया अंजाम

इस पूरी कार्रवाई को एंटी रोमियो टीम की प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह, महिला कांस्टेबल ऋतम्भरा यादव, कांस्टेबल अभिषेक शर्मा, महिला कांस्टेबल छाया एवं महिला कांस्टेबल मंदाकिनी की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।


"सार्वजनिक स्थलों पर अभद्रता कतई बर्दाश्त नहीं" - ACP चेतगंज

मामले की जानकारी देते हुए कमिश्नरेट पुलिस वाराणसी के एसीपी चेतगंज सौरभ कुमार ने बताया कि "एंटी रोमियो टीम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कैंट स्टेशन के पास कुछ महिलाएं राहगीरों पर अश्लील कमेंट्स और इशारे कर उन्हें परेशान कर रही हैं। जांच के बाद दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। सार्वजनिक स्थलों पर अश्लीलता फैलाने, आमजन को परेशान करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।"