{"vars":{"id": "125128:4947"}}

 वाराणसी: सामने घाट पुल पर महिला से चेन छीनने वाले 2 शातिर लुटेरे गिरफ्तार

ई-रिक्शा सवार महिला से की थी स्नेचिंग; बावन बिगहा के पास घेराबंदी कर दबोचे गए बदमाश, आरोपी गौरव का पुराना आपराधिक इतिहास

 

भदैनी मिरर (क्राइम डेस्क): वाराणसी की रामनगर थाना पुलिस ने सामने घाट पुल पर महिला से हुई चेन स्नेचिंग की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई पीली धातु की चेन बरामद कर ली है। पकड़े गए दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से शहर में घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते थे।

ई-रिक्शा सवार महिला को बनाया था शिकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को एक महिला ने रामनगर थाने में तहरीर दी थी कि सामने घाट पुल पर ई-रिक्शा से यात्रा के दौरान दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उसके गले से चेन छीन ली और फरार हो गए। पुलिस ने बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा (मु0अ0सं0 0232/2026) दर्ज कर जांच शुरू की।

जंगल में छिपकर रात होने का कर रहे थे इंतजार

घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिले इनपुट के आधार पर बंधा रोड की तरफ भागे बदमाशों की तलाश तेज कर दी।

3 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने बावन बिगहा मैदान स्थित दुर्गा मंदिर के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया।

  • गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

    1. पवन दुबे (31): निवासी रघुनाथपुर, थाना फूलपुर, वाराणसी।

    2. गौरव तिवारी (22): निवासी गोगवा, थाना जंसा, वाराणसी।

पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि घटना के वक्त भीड़ देख वे पकड़े जाने के डर से पास के जंगल में छिपकर रात होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही धर दबोचा।

शौक पूरे करने के लिए करते थे छिनैती

आरोपियों ने बताया कि वे बाइक से शहर के अलग-अलग इलाकों में रेकी कर अकेली महिलाओं से चेन व पर्स छीनकर भाग जाते थे और उसे बेचकर मिले पैसों से अपने शौक पूरे करते थे।

रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी गौरव तिवारी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में थाना कपसेठी में चोरी और चोरी का माल रखने से जुड़े 3 मुकदमे दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

सफल कार्रवाई करने वाली टीम में रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, चौकी प्रभारी कस्बा उ०नि० शिवम सोनी, उ०नि० बाल योगेश्वर गौड़, पंकज मिश्रा, नितेश शर्मा, मनीष मौर्या तथा हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल विपिन कुमार, दुर्गा प्रसाद और अजीत कुमार शामिल रहे। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।