{"vars":{"id": "125128:4947"}}

UP: पहले जहर दिया, फिर पति ने गर्लफ्रेंड संग मिलकर घोंटा पत्नी का गला; बलिया हत्याकांड का खौफनाक खुलासा

दो दिन तक पत्नी को ढूंढने का नाटक करता रहा हत्यारा पति, पुलिस ने प्रेमिका सहित किया गिरफ्तार

 

अपराध डेस्क: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक ऐसा मर्डर केस सामने आया है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दियर में पांच दिन पहले मिली एक अज्ञात महिला की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतका का पति ही निकला, जिसने अपनी महिला मित्र (गर्लफ्रेंड) के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया था।

खुद को बेकसूर साबित करने के लिए आरोपी पति दो दिनों तक पत्नी को खोजने का ढोंग करता रहा और बाद में कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने हत्यारे पति चुन्नीलाल और उसकी प्रेमिका शोभा चौरसिया के गुनाहों का पर्दाफाश कर दोनों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

दहेज प्रताड़ना से शुरू हुई थी कहानी

रविवार को शिवपुर दियर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। शिनाख्त के दौरान गड़वार थाना क्षेत्र के बहादुरपुर कारी निवासी श्यामदेव ने मृतका की पहचान अपनी बेटी प्रीति के रूप में की। पिता ने पुलिस को बताया कि प्रीति की शादी वर्ष 2025 में रेवती नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 निवासी चुन्नीलाल प्रजापति से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। 22 मई को ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दी कि प्रीति अचानक कहीं चली गई है।

अस्पताल से अगवा कर ऐसे दी दर्दनाक मौत

गिरफ्तारी के बाद आरोपी चुन्नीलाल और उसकी प्रेमिका शोभा चौरसिया ने पुलिस पूछताछ में जो खुलासा किया, उसने सभी के होश उड़ा दिए। मर्डर की पूरी क्रोनोलॉजी इस प्रकार थी:

  • 22 मई की सुबह: प्रीति अपनी बीमार सास को देखने जिला अस्पताल आई थी। सुबह करीब 9 बजे पति चुन्नीलाल के कहने पर उसकी प्रेमिका शोभा चौरसिया अस्पताल पहुंची।

  • बहला-फुसलाकर ले गई साथ: शोभा, प्रीति को अस्पताल से घुमाने के बहाने एक ई-रिक्शा पर बैठाकर बयासी पुल की ओर ले गई।

  • पानी में मिलाया नशीला पदार्थ: चुन्नीलाल ने पहले ही शोभा को एक नशीली पुड़िया दी थी। बेयासी पुल पर पहुंचकर शोभा ने वह पुड़िया पानी में घोलकर प्रीति को पिला दी, जिससे वह बेहोश हो गई।

  • बाइक पर ले गए सुनसान जगह: प्रीति के बेहोश होते ही चुन्नीलाल बाइक लेकर वहाँ पहुँच गया। दोनों ने अचेत प्रीति को बाइक के बीच में बैठाया और जनेश्वर मिश्र सेतु के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए।

  • गला दबाकर हत्या: वहाँ चुन्नीलाल ने बेरहमी से प्रीति का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया और शव को छुपाने के लिए झाड़ियों में फेंक दिया।

पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम ने तेजी से जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से मृतका के जेवर, चूड़ियां और उसका पर्स समेत अन्य जरूरी सामान बरामद कर लिया है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम: इस अंधे कत्ल का खुलासा करने वाली टीम में सब-इंस्पेक्टर (SI) अरुण कुमार सिंह, विनोद कुमार सरोज, हेड कांस्टेबल राकेश पाल, कांस्टेबल आशीष पाण्डेय और महिला कांस्टेबल सोमी शुक्ला शामिल रहीं।