{"vars":{"id": "125128:4947"}}

चलती ट्रेन में NCC कैडेट से दुष्कर्म करने वाले फरार TTE की तलाश तेज, वाराणसी–पटना में ताबड़तोड़ छापेमारी

देवरिया जीआरपी में केस दर्ज; रेलवे एसपी ने पांच टीमें गठित कीं, सर्विलांस और एसओजी लगी तलाश में
 

 

देवरिया/वाराणसी, संवाददाता। वाराणसी-भटनी रेल खंड पर चलती ट्रेन में एनसीसी कैडेट से दुष्कर्म के आरोपी टीटीई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। फरार आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और उसकी तलाश में पांच टीमें गठित की गई हैं। गुरुवार को पुलिस ने वाराणसी और पटना में एक साथ छापेमारी की, हालांकि आरोपी अब तक पकड़ में नहीं आया है।

क्या है मामला?

जानकारी के अनुसार, मऊ की एक छात्रा गोरखपुर में रहकर सेना भर्ती की तैयारी करती है। 15 फरवरी को वह परीक्षा देने मऊ गई थी। वापसी में वह बिना टिकट के Ahmedabad–Gorakhpur Express के एसी प्रथम श्रेणी कोच में सवार हो गई।
छात्रा एनसीसी की वर्दी में थी। आरोप है कि टीटीई राहुल कुमार ने टिकट जांच के दौरान सीट दिलाने का झांसा दिया और उसे एसी फर्स्ट क्लास की एक सीट पर ले जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर दुष्कर्म किया।

केस दर्ज, मेडिकल और बयान पूरा

पीड़िता की तहरीर पर देवरिया जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और न्यायालय में उसका बयान भी दर्ज हो चुका है।
आरोपी टीटीई राहुल कुमार पटना के बिहटा थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह वाराणसी में किराये के मकान में रहता था।

पांच टीमें कर रहीं तलाश

रेलवे एसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी की एसओजी, सर्विलांस और अन्य इकाइयों समेत कुल पांच टीमें लगाई हैं। वाराणसी और पटना स्थित संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन आरोपी का मोबाइल फोन बंद है और वह लगातार ठिकाना बदल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।