{"vars":{"id": "125128:4947"}}

परमहंस नगर में चोरों का आतंक; दोस्त से मिलने आए युवक की दिनदहाड़े साइकिल पार, सुरक्षा पर उठे सवाल

लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की घटना, दोपहर 1:45 बजे शातिर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली परमहंस नगर कॉलोनी (नई बस्ती) में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां दिनदहाड़े साइकिल चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने स्थानीय पुलिस की गश्त और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दोस्त से मिलने आया था युवक, बाहर खड़ी थी साइकिल

मिली जानकारी के मुताबिक, सारनाथ थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मंदिर इलाके के रहने वाले सचिन गुप्ता (पुत्र लालजी गुप्ता) अपनी किसी काम और मुलाकात के सिलसिले में परमहंस नगर कॉलोनी स्थित अपने मित्र सागर जायसवाल के घर आए थे।

उन्होंने अपनी साइकिल बाहर खड़ी की थी और अंदर दोस्त से मिलने गए थे। इसी दौरान, दोपहर करीब 1:45 बजे अज्ञात शातिर चोर मौके का फायदा उठाते हुए उनकी साइकिल लेकर रफूचक्कर हो गया।

पीड़ित ने दी डायल 112 पर सूचना

जब कुछ देर बाद सचिन बाहर आए तो उन्होंने अपनी साइकिल गायब पाई। चारों तरफ तलाशने के बाद भी जब साइकिल का कोई सुराग नहीं लगा, तो पीड़ित ने तुरंत पुलिस सहायता के लिए डायल 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी।

दिन के वक्त हुई इस चोरी की घटना से कॉलोनी के रहवासियों में खासा रोष है। लोगों का कहना है कि यदि दिन के उजाले में इस तरह चोर बेखौफ वारदातों को अंजाम देंगे, तो आम नागरिकों का घर से बाहर निकलना और अपने वाहनों को सुरक्षित खड़ा करना मुश्किल हो जाएगा।

फिलहाल, पीड़ित की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब देखना यह होगा कि स्थानीय पुलिस सीसीटीवी फुटेज या अन्य माध्यमों से चोर का सुराग लगाकर साइकिल बरामद करने में कब तक कामयाब हो पाती है।