वाराणसी में बंद मकान का ताला तोड़कर 6 लाख की चोरी:नकदी और सोने-चांदी के जेवर पार
सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलकापुर की घटना: परिवार की गैरमौजूदगी में चोरों ने बोला धावा, तहरीर के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
भदैनी मिरर, वाराणसी: काशी के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलकापुर (इरको गार्डन के पास) में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। एक किराना कारोबारी के बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय पीड़ित परिवार घर से बाहर गया हुआ था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर लौटने पर हुआ चोरी का खुलासा
मिली जानकारी के अनुसार, तिलकापुर निवासी दयापाल (पुत्र किशन दयाल) किराना व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि वह किसी काम से परिवार समेत बाहर गए हुए थे। जब वे घर वापस लौटे, तो मेन गेट और कमरों के ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखने पर अलमारी और बक्से खंगाले पड़े थे तथा उसमें रखा सारा कीमती सामान गायब था।
लाखों के गहने और नकदी पार
पीड़ित दयापाल द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, चोरों ने घर में रखे निम्नलिखित सामान पर हाथ साफ कर दिया:
-
सोने के आभूषण: पत्नी के 2 सोने के हार, सोने की चूड़ियां, कान के झुमके और बच्चों के सोने के आभूषण।
-
चांदी के सामान: भारी मात्रा में चांदी के सिक्के और पायल।
-
नकदी: अलमारी में रखी लगभग 9,000 रुपये की नगद राशि।
पीड़ित के अनुसार चोरी गए कुल जेवरात और नकदी की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही सारनाथ थाने की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पीड़ित दयापाल ने थाना प्रभारी सारनाथ को लिखित प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और चोरी गए माल की बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।