{"vars":{"id": "125128:4947"}}

तेरहवीं में बिहार गया था परिवार, बंद मकान से उड़ाए ढाई करोड़ के गहने और कैश; DVR भी गायब

शिवपुर के पॉश इलाके में अज्ञात चोरों का बड़ा दुस्साहस: पांच कमरों और अलमारियों के ताले तोड़कर खंगाली गृहस्थी

 

भदैनी मिरर, वाराणसी:

धर्मनगरी काशी के शिवपुर थाना क्षेत्र से चोरी की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त के दावों की पोल खोलकर रख दी है। तरना चौकी के गणेशपुर (भेल के सामने नवसाधना स्कूल के पास) स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने ढाई से तीन करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 1 लाख 90 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी लिपि नागायच, एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय, शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा और एसओजी (SOG) प्रभारी गौरव सिंह अपनी पूरी टीम, डॉग स्क्वायड और क्राइम ब्रांच के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/8hQtzl7aiQM?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/8hQtzl7aiQM/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" title="YouTube video player" width="560">

तेरहवीं में शामिल होने बिहार गया था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से गोटपा (बिक्रमगंज, सासाराम, बिहार) के निवासी कुमार विनोद सिंह वाराणसी में 'यथार्थ ट्रैक्टर एजेंसी' का संचालन करते हैं। उनके दामाद शैलेंद्र कुमार सिंह मेरठ में जीएसटी कमिश्नर (GST Commissioner) के पद पर तैनात हैं, जबकि उनका बेटा गुरुग्राम की मशहूर डेलॉइट (Deloitte) कंपनी में मैनेजर है। कुमार विनोद सिंह वर्ष 2022 में शिवपुर के गणेशपुर में करीब ढाई करोड़ का मकान खरीदकर परिवार सहित रह रहे थे।

बीती 1 जून को दोपहर करीब 3:00 बजे कुमार विनोद सिंह अपने पैतृक गांव सासाराम (बिहार) में अपने चाचा की तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। 2 जून की रात जब उन्होंने अपने मोबाइल पर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को ऑनलाइन चेक करना चाहा, तो कैमरा बंद मिला। उन्होंने सोचा कि किसी तकनीकी खराबी के कारण ऐसा हुआ होगा। लेकिन 4 जून को पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का मुख्य दरवाजा खुला है और अंदर की सारी लाइटें जल रही हैं।

ताले चटकाए, अलमारियां खंगालीं और ले गए डीवीआर (DVR)

पड़ोसी की सूचना पर कुमार विनोद सिंह आनन-फानन में अपनी गाड़ी से वाराणसी स्थित आवास पहुंचे। वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने मेन गेट के लॉक को कटर या रॉड से चाड़कर तोड़ दिया था। इसके बाद दो मंजिला मकान के पांच कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों में रखे करीब ढाई से तीन करोड़ रुपये के कीमती आभूषण और ₹1,90 हजार कैश गायब थे। शातिर चोर अपने पीछे कोई सुराग न रह जाए, इसलिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) भी उखाड़ ले गए। हालांकि, घर के पिछले हिस्से से चोरों के दाखिल होने के निशान पुलिस को मिले हैं।

पुलिस गश्त न होने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश

इस बड़ी वारदात के बाद स्थानीय लोगों में शिवपुर पुलिस के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का सीधा आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त पूरी तरह ठप है, जिसके कारण आए दिन आपराधिक घटनाएं घट रही हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है।

क्या कहती हैं एसीपी कैंट अपूर्वा पाण्डेय?

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी कैंट अपूर्वा पाण्डेय ने बताया:

"चौकी तरना अंतर्गत कुमार विनोद जी के घर में चोरी की सूचना मिली थी। परिवार के लोग बिहार गए हुए थे और पड़ोसियों की सूचना पर यह मामला सामने आया। शुरुआती जांच में पता चला है कि 2 तारीख की रात को तीन अज्ञात चोरों ने घर के बेडरूम में घुसकर सोने के आभूषण और कैश चोरी किए हैं। पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर में फिलहाल करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने की बात कही गई है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।"

विगत एक महीने में लालपुर और शिवपुर थाना क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के सवाल पर एसीपी कैंट ने कहा कि चोरों को पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रात में गश्त और पिकेट व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है ताकि किसी भी महत्वपूर्ण रास्ते पर असमाजिक तत्वों को वारदात से पहले ही दबोचा जा सके।