{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मंडप में बारात का इंतजार करती रही दुल्हन, शादी के दिन घर से लापता हुआ दूल्हा

पुश्तैनी जमीन बेचकर परिवार ने खर्च किए थे 25-30 लाख रुपये, पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया

 

भदैनी मिरर। गुरुग्राम के फर्रुखनगर क्षेत्र अंतर्गत मुबारकपुर गांव में शादी की खुशियां उस समय मायूसी और तनाव में बदल गईं, जब तय तारीख पर बारात नहीं पहुंची और दूल्हा बिना बताए घर से लापता हो गया। दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप में बैठकर बारात का इंतजार करती रही, लेकिन रात नौ बजे तक न तो दूल्हा आया और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिला। अब इस मामले में दुल्हन पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रात नौ बजे तक नहीं आई बारात, घर पहुंचने पर पता चला लापता है दूल्हा

जानकारी के मुताबिक, मुबारकपुर गांव की युवती की शादी कालियावास गांव के एक युवक से तय हुई थी। गांव के सरपंच सतबीर सिंह ने बताया कि 18 नवंबर को लग्न की रस्म संपन्न हुई थी और 20 नवंबर को विवाह होना था। लड़की का परिवार शादी पंचायत भवन में करना चाहता था, लेकिन लड़के पक्ष की सहमति न मिलने पर एक बारात घर में समारोह की व्यवस्था की गई।

शादी के दिन शाम करीब 6 बजे से दुल्हन सज-धजकर मंडप में बारात की प्रतीक्षा करने लगी। रात नौ बजे तक बारात न पहुंचने और फोन का जवाब न मिलने पर दुल्हन के परिजन गांव के सरपंच के साथ दूल्हे के घर पहुंचे। वहां पता चला कि दूल्हा बिना किसी को बताए घर से चला गया है। दूल्हे के परिजनों का कहना था कि वे उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने थाने गए थे, जिस कारण फोन नहीं उठा सके।

दिहाड़ी मजदूरी करने वाले परिवार ने जमीन बेचकर किए थे 25-30 लाख खर्च

इस घटना से दुल्हन के परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट टूट पड़ा है। बताया गया कि युवती के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में 20 वर्षीय भाई और मां दिहाड़ी मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं। बेटी की शादी का खर्च उठाने के लिए परिवार ने अपनी पुश्तैनी जमीन तक बेच दी थी और तैयारियों पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, दुल्हन ने अपने परिवार को परेशान किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच के क्रम में दोनों पक्षों को 26 नवंबर को थाने बुलाया है।