वाराणसी में सपा पार्षद गिरफ्तार: 'बात नहीं करोगी तो जान दे दूंगा', विधवा महिला ने दर्ज कराया मुकदमा
चेतगंज पुलिस ने बीएनएस की धारा 78(2) के तहत की कार्रवाई
वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्यमेश्वर वार्ड से समाजवादी पार्टी (सपा) के पार्षद भैया लाल यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक पीड़ित विधवा महिला की शिकायत पर पुलिस ने सपा पार्षद के खिलाफ प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी पार्षद को जेल भेज दिया है।
'बात नहीं करोगी तो दे दूंगा जान'— महिला ने लगाया गंभीर आरोप
पीड़ित महिला ने चेतगंज पुलिस को दिए अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि पार्षद भैया लाल यादव अक्सर उन्हें फोन कर बातचीत करने का अनुचित दबाव बनाते थे। जब भी महिला ने उनसे बात करने से मना किया, तो पार्षद कथित तौर पर मानसिक दबाव बनाते हुए कहते थे कि "यदि तुम मुझसे बात नहीं करोगी, तो मैं अपनी जान दे दूंगा।" लगातार मिल रही इन धमकियों और उत्पीड़न से परेशान होकर महिला ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
8 साल पहले बीमारी में की थी मदद, फिर घर आने-जाने लगा आरोपी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लगभग आठ वर्ष पूर्व उनके पिता की तबीयत काफी खराब थी। उस समय आर्थिक तंगी के दौरान पार्षद भैया लाल यादव ने परिवार की आर्थिक मदद की थी। इस सहायता के बाद उनका महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया।
महिला के अनुसार, शुरुआती दिनों में उन्हें पार्षद की नीयत पर कोई शक नहीं हुआ, लेकिन समय बीतने के साथ-साथ पार्षद का रवैया बदलने लगा और वे लगातार जबरन संबंध व बातचीत का दबाव बनाने लगे।
मामले की जानकारी देते हुए चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पार्षद भैया लाल यादव से पूछताछ की और साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।