{"vars":{"id": "125128:4947"}}

सिलवासा के चर्चित 'सूटकेस हत्याकांड' का पर्दाफाश: UP STF ने वाराणसी से दबोचा कातिल पति, Love मैरिज के बाद की थी हत्या

ससुराल वाले महिला को अपनाने को तैयार नहीं थे, वाराणसी में मजदूर बनकर रह रहा था आरोपी

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। दादर एवं नगर हवेली के सिलवासा क्षेत्र में हुए बहुचर्चित और सनसनीखेज 'सूटकेस मर्डर केस' के मुख्य आरोपी को यूपी एसटीएफ (UP STF) की वाराणसी इकाई और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति ऋषभ कुमार सिंह पिछले दो महीनों से नाम बदलकर वाराणसी के मडुआडीह (चांदपुर इंडस्ट्रियल एस्टेट) में फरारी काट रहा था और मजदूरी का काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर सिलवासा ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सूटकेस से आई तेज दुर्गंध तो खुला 2 महीने पुराना खौफनाक राज


घटना सिलवासा के टोकर खडा क्षेत्र (दान होटल के पास) की है। 3 अगस्त 2026 को मकान मालिक जब दो महीने से बंद पड़े कमरे को दूसरे किरायेदार को देने के लिए खोलने पहुंचे, तो वहां रखे एक बड़े सूटकेस से भीषण बदबू आ रही थी।

सूटकेस खोलने पर उसके अंदर प्लास्टिक में लपेटी हुई लगभग दो महीने पुरानी सड़-गल चुकी महिला की लाश बरामद हुई। मृतका की पहचान बिहार के नवादा (नेवादा) जिले की रहने वाली लगभग 20 वर्षीया छोटी उपाध्याय (कुमारी) के रूप में हुई। घटना के बाद से ही उसका पति ऋषभ कुमार सिंह कमरे में ताला लगाकर फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में सिलवासा पुलिस जुटी हुई थी।

प्रेम विवाह से शुरू हुआ विवाद, घर ले जाने के दबाव में कर दी हत्या


एसटीएफ की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ऋषभ कुमार सिंह (निवासी ग्राम सिउर, थाना रोह, जनपद नवादा, बिहार) ने हत्या की पूरी कहानी कबूल की।
आरोपी ऋषभ और मृतका छोटी एक ही गांव के रहने वाले थे। दोनों ने घर से भागकर प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद युवती के परिजनों ने बिहार के रोह थाने में अपहरण का मामला भी दर्ज कराया था। शादी के बाद दोनों सिलवासा में किराये के कमरे में रहने लगे। ऋषभ के परिजन छोटी को बहू के रूप में स्वीकार नहीं कर रहे थे, जबकि छोटी लगातार उस पर गांव या अपने घर ले जाने का दबाव बना रही थी। 9 जून 2026 की शाम विवाद बढ़ने पर ऋषभ ने अपनी पत्नी छोटी की बेरहमी से हत्या कर दी। लाश से बदबू न फैले, इसलिए उसने शव को प्लास्टिक से कवर कर सूटकेस में बंद कर दिया और कमरे का ताला लगाकर फरार हो गया।


वाराणसी में भेष बदलकर कर रहा था मजदूरी, STF ने ऐसे दबोचा


हत्या के बाद आरोपी सिलवासा से भागकर वाराणसी आ गया और मडुआडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर स्थित 'शुभकामना रियल टेक' में पहचान छिपाकर मजदूरी करने लगा।

सिलवासा पुलिस से इनपुट मिलने के बाद UP STF फील्ड इकाई वाराणसी के निरीक्षक अमित श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव और विनय मौर्य की टीम ने स्थानीय अभिसूचना के आधार पर 10 अगस्त 2026 को आरोपी को चांदपुर इंडस्ट्रियल एस्टेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ और सिलवासा पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) वाराणसी के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड हासिल कर लिया है। सिलवासा पुलिस आरोपी को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए अपने साथ ले जा रही है।