{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी: सिगरा में हत्या की नीयत से आए बदमाशों का कार चालक अरेस्ट, तीन राउंड हुई थी फायरिंग 

संदीप सिंह चौहान और उसके साथियों ने रची थी खौफनाक पटकथा, घटना में प्रयुक्त सफेद अल्टो और 03 खोखा कारतूस किया बरामद

 

वाराणसी,भदैनी मिरर। सिगरा थाना क्षेत्र की अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी में बीते दिनों हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में हत्या की साजिश रचने वाले गिरोह की कार के चालक श्रोत श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अल्टो कार और मौके से मिले तीन खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

क्या थी घटना?
बीती 4 मई 2026 को अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी में रहने वाले संजय यादव अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी एक सफेद अल्टो कार वहां पहुंची। कार से उतरे एक नकाबपोश युवक ने संजय यादव को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग की। गनीमत रही कि गोली संजय यादव को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद बदमाश गाली-गलौज करते हुए फरार हो गए थे।

 

 

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्त श्रोत श्रीवास्तव (निवासी रूहट्टा, जौनपुर) ने पुलिसिया पूछताछ में जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह 3 मई को कार लेकर बनारस आया था। उसके साथ कार में यशस्वी ललित श्रीवास्तव, संदीप सिंह चौहान (निवासी लखनऊ), राहुल मौर्या (निवासी जौनपुर) और संदीप का एक अन्य साथी सवार थे।

अभियुक्त ने बताया कि वे सभी संजय यादव की हत्या करने के इरादे से ही आए थे। संदीप सिंह चौहान ने जब अपने साथी को गोली मारने का इशारा किया, तो उस लड़के ने मुंह पर कपड़ा बांधा और कार से उतरकर पिस्टल से तीन फायर झोंक दिए।

पुलिस की कार्रवाई
सिगरा प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर बुधवार (06 मई) को अभियुक्त श्रोत श्रीवास्तव को सिगरा थाना प्रांगण से गिरफ्तार किया। पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सरगना संदीप सिंह चौहान और अन्य साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।