{"vars":{"id": "125128:4947"}}

ISI के लिए जासूसी करता था रामपुर का शहजाद, यूपी ATS ने मुरादाबाद से किया गिरफ्तार

 

मुरादाबाद,भदैनी मिरर|  उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने वाले एक एजेंट को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया शख्स शहजाद पुत्र अब्दुल वहाब, मूल रूप से रामपुर जनपद के टांडा इलाके का रहने वाला है। वह लंबे समय से भारत-पाक सीमा के जरिए तस्करी और जासूसी गतिविधियों में संलिप्त था।

पाकिस्तान से तस्करी की आड़ में जासूसी

विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर यूपी ATS ने शहजाद की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच में सामने आया कि वह बीते कई वर्षों से पाकिस्तान आता-जाता रहा है और कॉस्मेटिक्स, मसाले, कपड़े जैसी चीजों की तस्करी के साथ-साथ पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहा था।शहजाद ने भारतीय सीमाओं और सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारियाँ ISI एजेंट्स को साझा कीं। यही नहीं, वह भारत में सक्रिय पाकिस्तानी स्लीपर सेल को धन उपलब्ध कराने के साथ-साथ भारतीय सिम कार्ड भी पहुंचाता था। शहजाद की भूमिका केवल सूचना देने तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह भारत से लोगों को पाकिस्तान भेजने और उनके वीजा आदि की व्यवस्था करवाने में भी लगा हुआ था।

ATS ने मुरादाबाद से पकड़ा, केस दर्ज

18 मई को यूपी ATS ने शहजाद को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना ATS लखनऊ में भारतीय दंड संहिता की धारा 148 और 152 BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उसे विधिक कार्यवाही के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

अभियुक्त का विवरण
नाम: शहजाद पुत्र अब्दुल वहाब
निवासी: मकान संख्या 135, मोहल्ला आज़ाद नगर, टांडा, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश

एटीएस की कार्रवाई से बड़ा खुलासा
 

इस गिरफ्तारी के बाद यूपी एटीएस पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल नेटवर्क के अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है। ATS सूत्रों का मानना है कि शहजाद से पूछताछ के दौरान कई और एजेंट्स की जानकारी सामने आ सकती है।