प्रयागराज में सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर: एक ही परिवार के 3 बुजुर्गों की नृशंस हत्या, बदमाशों ने दौड़ा-दौड़ा कर काटा
मेजा के कुकुरकटवा गांव में आधी रात को तांडव, सोते समय बुजुर्गों को दौड़ा-दौड़ा कर उतारा मौत के घाट, गांव का ही युवक नामजद
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ यमुनानगर के मेजा थाना इलाके के कुकुरकटवा गांव में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की धारदार हथियार से काटकर और पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों को इस सामूहिक हत्याकांड की भनक लगी, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और गांव में मातम पसर गया।
आधी रात को हुआ खूनी खेल, सोते समय किया हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे के आसपास की है। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घटनास्थल के हालात को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले चारपाई पर सो रहे बुजुर्गों पर धारदार हथियारों से वार किया। जान बचाने के लिए जब वे भागे, तो हत्यारों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। तीनों के लहूलुहान शव उनके घर से करीब 20 मीटर की दूरी पर अलग-अलग जगहों पर पड़े मिले।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, इस नृशंस हत्याकांड में जान गंवाने वाले बुजुर्गों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
अमरावती देवी (65 वर्ष) - पत्नी नींबूलाल
-
इन्द्रावती देवी (62 वर्ष) - पत्नी दूधनाथ
-
श्याम लाल (65 वर्ष) - पुत्र गुलजार
एक हफ्ते पहले मिली थी पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी
इस भयावह घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने गांव के ही एक स्थानीय युवक पर इस तिहरे हत्याकांड को अंजाम देने का सीधा आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई जानकारी में परिजनों ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी युवक ने करीब एक सप्ताह पहले ही पूरे परिवार को जान से मारने और खत्म करने की धमकी दी थी।
मौके पर पहुंचे एडिशनल पुलिस कमिश्नर, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम तैनात
त्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही प्रयागराज पुलिस महकमे के आला अधिकारी एक्टिव हो गए। प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजय पाल शर्मा भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच में जुटी टीमें: साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट, फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम और डॉग स्क्वायड को कुकुरकटवा गांव में तैनात किया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों के आरोपों और पुरानी रंजिश के एंगल को मुख्य आधार बनाकर पुलिस की कई टीमें संदिग्धों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।