{"vars":{"id": "125128:4947"}}

सारनाथ पुलिस को बड़ी कामयाबी: फिल्म बनाने के नाम पर 78 लाख की ठगी करने वाला शातिर मुंबई से गिरफ्तार

वर्ष 2022 से फरार चल रहे धोखाधड़ी के आरोपी जसवंत को सारनाथ पुलिस ने मुंबई के अंधेरी से दबोचा।

 

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। फिल्म बनाने के नाम पर लाखों रुपये की बड़ी धोखाधड़ी करने के मामले में वाराणसी की सारनाथ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने करीब चार साल से फरार चल रहे शातिर आरोपी को महाराष्ट्र के मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने बुधवार को उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

मुंबई के अंधेरी इलाके से दबोचा गया आरोपी

सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम काफी समय से धोखाधड़ी के इस मामले में वांछित आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। सटीक सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने आरोपी जसवंत (47 वर्ष) को वीरदेसाई रोड, कम्पाउंड अंधेरी, जिला बृहन्मुंबई (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया।

साल 2022 में दर्ज हुआ था धोखाधड़ी का मुकदमा

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष ने बताया कि 26 अप्रैल 2022 को रुस्तमपुर (थाना चौबेपुर) निवासी सुरेंद्र कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने उनके भाई वीरेंद्र यादव की फर्म से फिल्म निर्माण के नाम पर झांसा देकर कुल 78 लाख 20 हजार रुपये ऐंठ लिए थे।

तहरीर के आधार पर सारनाथ थाने में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 409 (अमानत में खयानत) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विस्तृत पूछताछ के बाद भेजा गया जेल

मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। आखिरकार सारनाथ पुलिस की सतर्कता से आरोपी मुंबई से धर दबोचा गया। बुधवार को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।