{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi: रेप और लव जिहाद में सलमान खान अरेस्ट, भाई शाहरुख खान की तलाश

पीड़िता ने ससुर मकबूल और जेठ शाहरुख पर दुष्कर्म (बलात्कार) तथा ससुराल वालों पर धर्मांतरण के दबाव और प्रताड़ना का लगाया आरोप 

 

 

 

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क)।  धर्मनगरी वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र से फर्जी पहचान बताकर छल-पूर्वक शादी रचाने और धर्मांतरण का दबाव बनाने का एक गंभीर मामला (लव जिहाद) सामने आया है। आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर खुद का नाम 'सन्नी सिंह' बताया और पीड़िता को प्रेम जाल में फंसाकर शादी कर ली। सच्चाई उजागर होने पर पीड़िता को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिगरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

फर्जी आधार व मैरिज सर्टिफिकेट से बनाया शिकार
सिगरा थाना क्षेत्र की छित्तुपुर कॉलोनी निवासी पीड़ित महिला (काल्पनिक नाम रूपम) ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि आरोपी ने अपनी असली पहचान और धर्म छिपाकर खुद को 'सन्नी सिंह' बताया था। उसने फर्जी आधार कार्ड, वोटर आईडी और विवाह प्रमाण पत्र बनवाकर छल-पूर्वक विवाह रचाया।

ससुराल पहुंचने के बाद जब घर के माहौल को देखकर पीड़िता को शक हुआ और उसने पूछताछ शुरू की, तो सच्चाई सामने आ गई। आरोपी का असली नाम सलमान खान पुत्र मकबूल खान निकला।


ससुर और जेठ पर रेप, ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप


पीड़िता का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद उसके पति सलमान खान, ससुर मकबूल, जेठ शाहरुख, सास कैसर खान और ननद सायना खान ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मना करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पीड़िता ने अपने जेठ शाहरुख और ससुर मकबूल पर दुष्कर्म (बलात्कार) करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। विरोध करने पर पूरे परिवार ने उसे जान से मारने की धमकियां दीं।


सिगरा थाने में BNS व धर्मांतरण कानून के तहत मुकदमा दर्ज


पीड़िता की शिकायत पर सिगरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम (धारा 3/5) के तहत मामला पंजीकृत किया है। मामले की विवेचना निरीक्षक अपराध विवेक कुमार शुक्ला द्वारा की जा रही है।


मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की जांच जारी: ACP चेतगंज


मामले की जानकारी देते हुए एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया, "शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी सलमान खान उर्फ सन्नी सिंह, जिसने अपनी पहचान छिपाकर महिला से शादी की थी, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है, जांचोपरांत सभी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।"