वाराणसी में नीट छात्र की बेरहमी से पिटाई: पार्क बना उपद्रवी छात्रों का अड्डा, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
बिहार के छात्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज; 27 अक्टूबर को भी हॉस्टल में हुई थी तोड़फोड़
वाराणसी, भदैनी मिरर। भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र प्रिंस की पिटाई के मामले में पुलिस ने रुद्र तिवारी, आर्यन सिंह, शुभराज, प्रियांशु राय समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। प्रिंस का आरोप है कि बीते 27 अक्तूबर की शाम वह सीएमओ कार्यालय की तरफ से गुजर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने डंडे से पिटाई की और उनका मोबाइल भी तोड़ दिया। छात्र ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें घेरकर बंधक बना लिया था। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हॉस्टल में घुसकर भी हुई थी मारपीट
कैवल्यधाम कॉलोनी (दुर्गाकुंड) स्थित एक हॉस्टल संचालक ने भी 28 अक्टूबर को भेलूपुर थाने में केस दर्ज करवाया था। सकलडीहा (चंदौली) निवासी अंकित कुशवाहा ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वह किराए पर कमरा लेकर हॉस्टल का संचालन करता है। 27 अक्टूबर को शाम 8 बजे साकेत नगर स्थित अंकित पांडेय (मामा) के हॉस्टल के करीब 20 से 25 छात्र अंकित कुशवाहा के हॉस्टल के भीतर घुस गए। लाठी-डंडा, ईंट-पत्थर से लैस मनबढ़ छात्रों ने बुरी तरह तोड़फोड़ की और बाइक को क्षतिग्रस्त किया। इस दौरान हॉस्टल में रहने वाले छात्र अभिषेक यादव को बुरी तरह पीट दिया, जिससे उसके हाथ की उंगली फ्रैक्चर हो गई। हॉस्टल संचालक अंकित कुशवाहा के तहरीर पर प्रिंस भारद्वाज, हन्नी सिंह, अथर्व तिवारी सहित अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।
पार्क बना उपद्रवी छात्रों का अड्डा
विगत कुछ दिनों तक सीएमओ ऑफिस के समीप जेआरएस ऑफिस के पीछे पार्क इन दिनों उपद्रवी छात्रों का अड्डा बन गया है। यह पार्क स्थानीय परिवारों के लिए टहलने का एक अच्छा स्थान था, लेकिन इन दिनों हॉस्टल के उपद्रवी छात्रों का जमावड़ा हो गया है। कोचिंग के बीच स्थित इस पार्क के सामने चाय की दुकान होने से शाम 6 बजे से 8 बजे तक छात्र यहां गुटबाजी करते है और अक्सर टकराव की स्थिति बनती है। पार्क में टहलने वाली स्थानीय महिलाओं का कहना है कि, यह अराजकता की स्थिति विगत तीन महीने से हुई है।
हॉस्टल के छात्रों की गुटबाजी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
इन दिनों शिक्षा के हब बने दुर्गाकुंड क्षेत्र में चाय-पान और पार्क में हॉस्टल के छात्रों की गुटबाजी तेज हो गई है। कोचिंग शुरु होने और छूटने के बाद दुर्गाकुंड क्षेत्र में मनबढ़ छात्र अराजकता का माहौल बना दिए है। स्थानीय लोगों ने कहा कि शाम को पुलिस गश्त न होने से जगह-जगह छात्र मारपीट करते है। सूत्रों की माने तो पार्क के आसपास रहने वाले परिवार के लोग पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत करने का मन बना रहे है।