{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मिर्जामुराद: कस्बा में खड़े दो ऑटो के पहिए और स्टेफनी चोरी, चालकों में आक्रोश

दो महीने में चोरी की तीसरी घटना: मिर्जामुराद में ऑटो के पहिए गायब, गश्त बढ़ाने की मांग 

 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे में गुरुवार की देर रात अज्ञात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए खड़े दो ऑटो के अगले-पिछले पहिए और स्टेफनी पार कर दी। घटना का पता शुक्रवार की सुबह उस वक्त चला जब चालक अपने वाहन के पास पहुंचे। ऑटो के पहिए गायब देख उनके होश उड़ गए। पीड़ितों ने मामले की लिखित शिकायत मिर्जामुराद पुलिस से की है।

जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद निवासी ऑटो चालक इजहार शाह और दिलखुशी रोजाना की तरह गुरुवार रात भी अपने ऑटो कस्बे में ओवरब्रिज के नीचे खड़े कर घर चले गए थे। शुक्रवार की सुबह जब वे काम पर जाने के लिए वाहनों के पास पहुंचे, तो देखा कि दोनों ऑटो के अगले और पिछले टायर समेत स्टेफनी गायब थीं। 

पीड़ित चालकों ने बताया कि पिछले दो महीनों के भीतर कस्बे में स्टेफनी और पहिए चोरी होने की यह तीसरी घटना है। बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय ऑटो चालकों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। ऑटो चालकों ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। वही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।